नई टिहरी I उत्तराखंड के नई टिहरी के तापनगर ब्लॉक में लंबगांव-मदननेगी मोटर मार्ग पर कंगसाली के पास स्कूली मैक्सी कैब के दुर्घटनाग्रस्त होने से उसमें सवार कंगसाली गांव के नौ बच्चों की मौत हो गई। 11 बच्चे घायल हो गए। इनमें गंभीर रूप से घायल चार बच्चों को एयर लिफ्ट और एक बच्चे को एंबुलेंस से ऋषिकेश एम्स रेफर किया गया है।
हादसे के बाद एसएसपी टिहरी ने चेकिंग में लापरवाही पर पिपलडली चौकी प्रभारी मयंक त्यागी और कांस्टेबल दुर्गेश कोठियाल को सस्पेंड कर दिया है।
सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए परिवहन विभाग का चेकिंग अभियान मुख्य मोटर मार्गों तक ही सिमट कर रह गया है। कस्बाई बाजारों में मानकों को ठेंगा दिखाते हुए हर रोज दर्जनों वाहन भर्राटा भरते हैं, लेकिन कोई देखने वाला नहीं है। ब्रांच रूटों पर क्षमता से अधिक सवारियां ढोने की शिकायतें लगातार मिलती रही है।
कंगसाली में हुई स्कूल वाहन दुर्घटना की जो भी वजह रही हो, लेकिन जिस तरह से मैक्सी कैब में क्षमता से अधिक 20 बच्चों सहित 22 लोग सवार थे, उससे परिवहन विभाग के चेकिंग अभियान पर भी सवाल उठ रहे हैं।
प्रतापनगर ब्लाक के कंगसाली में मंगलवार सुबह साढ़े सात बजे हुई स्कूल वाहन दुर्घटना ने सबको झकझोर कर रख दिया। मैक्सी कैब में क्षमता से अधिक बच्चे बिठाने पर स्कूल प्रबंधन ने इस पर क्यों रोक नहीं लगाई, अब यह सवाल भी अभिभावक उठा रहे हैं।

