गोपेश्वर I श्रीदेव सुमन विवि के गोपेश्वर कैंपस में हंगामा करने पर छात्र संघ अध्यक्ष अमित मिश्रा समेत कई छात्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। एसडीएम बुसरा अंसारी ने इस संबंध में थाने में तहरीर दी थी जिस पर पुलिस ने सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, लोक सेवक के साथ अभद्रता, बंधक बनाने और सड़क जाम करने पर मुकदमा दर्ज किया।
गोपेश्वर कैंपस को अतिक्रमणमुक्त कराने समेत विभिन्न मांगों को लेकर महाविद्यालय परिसर में धरना दे रहे आक्रोशित छात्र एक अगस्त को महाविद्यालय के प्रशासनिक भवन पर चढ़ गए थे। उन्होंने जिला व महाविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और चमोली-गोपेश्वर पर जाम लगा दिया था।
इस दौरान छात्रों ने उपजिलाधिकारी बुसरा अंसारी को प्राचार्य कक्ष में घेरकर उनके खिलाफ नारेबाजी की और महाविद्यालय के सीसीटीवी कैमरे व प्राचार्य कक्ष का फर्नीचर तोड़ दिया था। इस मामले में एसडीएम बुसरा अंसारी ने पांच अगस्त को थाना गोपेश्वर में लिखित तहरीर देकर छात्र संघ अध्यक्ष अमित मिश्रा व अन्य छात्रों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई।
इस पर थानाध्यक्ष योगेंद्र गुसांई ने सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, लोक सेवक के साथ अभद्रता, बंधक बनाने और सड़क जाम करने पर श्रीदेव सुमन विवि के गोपेश्वर परिसर के छात्र संघ अध्यक्ष अमित मिश्रा व अन्य छात्रों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में अन्य छात्रों की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी गई है।

