अब पाकिस्तान से सिर्फ PoK पर होगी बातचीत, इमरान खान ने माना कि बालाकोट में हुई थी तबाही: राजनाथ सिंह

नई दिल्ली: केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक बार फिर पाकिस्तान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि जब तक वह आतंकवाद नहीं रोकता है तो तब तक उसके साथ बातचीत संभव नहीं है। वही जम्मू -कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने पर पाक की बौखलाहट पर चुटकी लेते हुए राजनाथ ने कहा कि वह इस मुद्दे को लेकर दुनियाभर में जाकर रो रहा है लेकिन उसकी कोई सुन नहीं रहा है। राजनाथ सिंह ने कहा कि अब यदि पाकिस्तान से बातचीत होगी तो केवल पाक अधिकृत कश्मीर (पीओके) को लेकर होगी।
हरियाणा के पंचकूला में एक जनसभा को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, ‘कुछ दिन पहले, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत बालाकोट से बड़ा कदम उठाने की योजना बना रहा है। इसका मतलब है कि पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने स्वीकार कर लिया है कि बालाकोट में भारत ने बड़ी तबाही मचाई थी।’
राजनाथ ने जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 को खत्म करने के फैसले पर पाकिस्तान की बौखलाहट पर तंज कसते हुए कहा कि पड़ोसी देश पतला हो गया है। उन्होंने कहा,  ‘अनुच्छेद 370 जम्मू-कश्मीर के विकास के लिए बाधक था जिसे समाप्त कर दिया गया। पड़ोसी पड़ोसी वैश्विक देशों के दरवाजे खटखटा कर कह रहा है कि भारत ने गलती की है। पाक के साथ अब तभी बातचीत होगी जब वह आतंक का समर्थन करना बंद कर देगा। अगर पाक के साथ बातचीत होती है तो यह सिर्फ पीओके पर होगी।’
दुबला हुआ जा रहा है पड़ोसी
पाकिस्तान को आड़े हाथों लेते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि हमने जो वादा किया था उसे पूरा किया और 370 खत्म होने के बाद हमारा पड़ोसी दुबला होता जा रहा है और उसका हाजमा खराब हो गया है। रक्षा मंत्री ने कहा, ‘वह अब धमकी भी दे रहा है लेकिन उसकी कोई सुनने को तैयार नहीं है। अमेरिका के राष्ट्रपति तक ने कह दिया है कि जाओ भारत के साथ बैठकर बातचीत करो।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *