इस्लामाबाद । केंद्र सरकार ने जम्मू-कश्मीर अनुच्छेद 370 क्या हटाया, पाकिस्तान पर मानो शामत आ गई हो. अभी तक पूरी दुनिया में पाकिस्तान की फजीहत करा रहे इमरान खान अब खुद अपने देश में घिर गए हैं. विपक्षी नेता लगातार इमरान खान की कड़ी आलोचना कर रहे हैं. इसी बीच पाकिस्तान की पूर्व विदेश मंत्री हिना रब्बानी खार का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें उन्होंने इमरान खान पर करारा हमला बोला है. इमरान को उन्होंने अनाड़ी तक करार दिया है.
दरअसल, वायरल वीडियो में हिना रब्बानी खार पाक प्रधानमंत्री इमरान खान पर संसद में हमले कर रही हैं. उन्होंने कहा कि इमरान खान देश को शर्मिंदा कर रहे हैं. रब्बानी ने कहा कि अगर आप अनाड़ी हैं तो आपको ट्रेनिंग चाहिए. मेहरबानी करके आप ट्रेनिंग लेकर आएं.
हिना रब्बानी खार यहीं नहीं रुकीं, उन्होंने कहा कि जब इस देश का वोट आपको मिला है तो उसे शर्मिंदा मत कीजिए. उन्होने इमरान से सवाल भी पूछा कि क्या आप ये उम्मीद नहीं करते कि लोग आपकी इज्जत करें? आपका क्या काम है? क्या आप एक संप्रभु मुल्क नहीं है?
हिना रब्बानी खार का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से तब वायरल हो रहा है जब इमरान खान और उनके विदेश मंत्री पूरे विश्व में घूम-घूमकर भारत के खिलाफ विरोध दर्ज करा रहे हैं. यह अलग बात है कि उन्हें कहीं से कोई सफलता नहीं मिल रही है.

