ड्राइवर ने खतरे में डाली 25 यात्रियों की जान, उफनते नाले में ही चला दी रोडवेज बस

रामनगर I नैनीताल के रामनगर में धनगढ़ी नाले के उफान पर आने से पिछले दिनों हुई तीन पर्यटकों की मौत के बाद भी कोई सुधरने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को धनगढ़ी नाला एक बार फिर से उफान पर आ गया।
बावजूद इसके रोडवेज बस के एक चालक ने 25 यात्रियों की जान खतरे में डाल दी और उफनते नाले में बस उतार दी। इससे बस में बैठे 25 यात्रियों की सांसें अटक गईं। बस के नाले से बाहर आने पर ही यात्रियों ने राहत की सांस ली। चालक की इस हरकत का वीडियो वायरल होते ही रोडवेज प्रशासन ने चालक से स्पष्टीकरण तलब किया है।

रामनगर से करीब 14 किलोमीटर की दूरी पर धनगढ़ी नाला बहता है, जो बरसात के दिनों में कभी भी उफान पर आ जाता है। 18 अगस्त को यहां एक कार के बहने से दंपति समेत दिल्ली के तीन पर्यटकों की मौत हो गई थी। 
शनिवार को बारिश के चलते यह नाला फिर उफान पर था। बावजूद इसके रामनगर डिपो की बस (यूके-07पीए-3223) के चालक ने बस को उफनाते नाले में उतार दिया।

बस के नाले में जाते ही यात्रियों की सांसें अटक गईं। यह नजारा देख रहे लोग भी सकते में आ गए। जब बस नाले के पार हुई तब जाकर सभी ने राहत की सांस ली। इस घटना का किसी ने वीडियो बनाकर वायरल कर दिया।

इसके बाद रोडवेज प्रशासन हरकत में आया। स्टेशन इंचार्ज नवीन आर्या ने बताया कि लापरवाही बरतने को लेकर चालक रमेश चंद्र आर्या और परिचालक सुनील ढौडियाल को तलब किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *