नई दिल्ली: आईएनएक्स केस में प्रवर्तन निदेशालय की दलीलों पर सुप्रीम कोर्ट में अभियोजन और बचाव पक्ष की तरफ से जबरदस्त जिरह हुई। जिरह सुनने के बाद न्यायधीशों ने कहा कि अब इस मसले पर मंगलवार को भी सुनवाई होगी। इससे पहले सीबीआई द्वारा गिरफ्तारी के मामले में पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम की अर्जी पर भी सुनवाई हुई थी। लेकिन अदालत से उन्हें राहत नहीं मिली। इस बीच चिदंबरम को राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया गया जहां सीबीआई ने अदालत में रिमांड की अवधि पांच और दिन बढ़ाने की मांग की। कोर्ट ने चिदंबरम की रिमांड 4 दिन और बढ़ा दी। अब उन्हें 30 अगस्त तक सीबीआई की कस्टडी में रहना होगा।
इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने साफ कर दिया था कि दिल्ली हाई कोर्ट ने उनके खिलाफ जो टिप्पणी की है उस पर दखल नहीं दिया जाएगा। इसके साथ ही ये भी कहा कि अगर चिदंबरम जमानत चाहते हैं तो उन्हें निचली अदालत का रुख करना होगा। इसका अर्थ ये है कि चिदंबरम सीबीआई की हिरासत में ही रहेंगे।
पी चिदंबरम मामले में सुप्रीम कोर्ट में जबरदस्त बहस जारी है। बचाव पक्ष के वकील कपिल सिब्बल ने प्रवर्तन निदेशालय के हलफनामे को पढ़ा। उन्होंने कहा कि वो अभी मनी लॉन्ड्रिंग केस की तह तक जाने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे में यह संज्ञेय अपराध कैसे हो गया।

