सूरज हत्याकांड: आईटीबीपी के तीन जवानों को पुलिस ने किया गिरफ्तार, रिमांड में लेने की तैयारी

हल्द्वानी I उत्तराखंड में हल्द्वानी के लालकुआं स्थित आईटीबीपी कैंपस में युवक का शव मिलने के मामले में पुलिस ने सोमवार को तीन जवानों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार जवानों को बहुउद्देशीय भवन हल्द्वानी से गिरफ्तारी के बाद कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। वहीं जवानों को रिमांड पर लेने की तैयारी भी की जा रही है। 

बता दें कि, बीती 18 अगस्त को आईटीबीपी में भर्ती होने के लिए हल्दूचौड़ गउ नानकमत्ता के छात्र का शव संदिग्ध हालात में आईटीबीपी परिसर की झाड़ियों में मिला था। शव में कीड़े पड़ गए थे।

परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए नानकमत्ता थाने और हल्दूचौड़ में घंटों हंगामा किया। इसके बाद मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। वार्ड नंबर सात अनाज मंडी नानकमत्ता निवासी ओमप्रकाश सक्सेना का बेटा सूरज सक्सेना (24) श्री गुरुनानक देव पीजी कॉलेज नानकमत्ता में एमए प्रथम वर्ष का छात्र था। 

दौड़ में सफल रहा था सूरज

सूरज 15 अगस्त की शाम को घर से 34वीं वाहिनी भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल कैंप हल्दूचौड़ में भर्ती होने के लिए अपने साथियों के साथ गया था। बताया जा रहा है कि 16 अगस्त को सूरज दौड़ में वह सफल हो गया था। 

आरोप है कि दौड़ के बाद टोकन जमा करने को लेकर उसका आईटीबीपी भर्ती के कुछ अधिकारियों के साथ विवाद हो गया था। विवाद के बाद से ही वह अचानक लापता हो गया। साथियों के सूचना देने के बाद परिजनों ने उसके गुम हो जाने की सूचना नानकमत्ता थाने में दर्ज कराने का प्रयास किया लेकिन मामला लालकुआं थाना क्षेत्र का होने के कारण पुलिस ने परिजनों को लालकुआं कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराने की सलाह दी।

18 अधिकारियों एवं जवानों से पूछताछ
रविवार को आईटीबीपी भर्ती बोर्ड के 18 अधिकारियों एवं जवानों से पूछताछ की गई थी साथ ही सूरज सक्सेना के साथ मौजूद उसके दो दोस्तों को बुलाकर घटना वाले दिन विवाद कर रहे जवानों की पहचान कराई गई। पुलिस ने तफ्तीश में कई वरिष्ठ अनुभवी निरीक्षकों की भी मदद ली है गई। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *