खेल जगत ने किया इसरो के हौसले को सलाम, विराट ने कहा-विज्ञान में असफलता नाम की कोई चीज नहीं

नई दिल्ली: पूरे भारतवर्ष के लिए शुक्रवार देर रात बेहद निराशाजनक गुजरी। चंद्रयान-2 के चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतरने से महज 2.1 किमी पहले कंट्रोल रूम का संपर्क टूट गया। पूरा देश रात तकरीबन 2 बजे इस वाकये को टकटकी लगाए देख रहा था। लेकिन एक रोमांचक क्रिकेट मैच की तरह इस अभियान का दु:खद अंत हो गया। इसरो सेंटर में मौजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर इसरो के कर्मचारी, पत्रकार, छात्र और आम लोग सभी के चेहरे पर निराशा नजर आ रही थी। 
ऐसे में सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। भारतीय खेल जगत की हस्तियों ने भी इसरो का हौसला बढ़ाया। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली ने ट्वीट कर कहा, ‘विज्ञान में असफलता नाम की कोई चीज नहीं होती। हम प्रयोग करते हैं और कुछ हासिल करते हैं। इसरो के वैज्ञानिकों के प्रति मेरे मन में अपार सम्मान है जिन्होंने अपने दिन रात एक कर दिए। देश को आप सभी पर गर्व है। जय हिंद।’
टीम इंडिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज और लोकसभा सांसद गौतम गंभीर ने ट्विटर पर लिखा, ‘ये तब ही एक नाकामयाबी होगी, यदि हम इससे सीखे नहीं। हम मजबूती से वापसी करेंगे। मैं इसरो की टीम के जज्बे को सलाम करता हूं, जिन्होंने करोड़ों भारतीयों की उम्मीदों को एक किया। अभी उनका सर्वश्रेष्ठ आना बाकी है।’ उन्होंने इसके बाद पीएम नरेंद्र मोदी और इसरो के अध्यक्ष के सिवन को भावुक होकर गले लगाने वाले वीडियो को साझा करते हुए लिखा, ऐ चांद छू लेंगे तुझे भी जल्द ही, अभी जरा कुछ दिलों को छू लें!’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *