नई दिल्ली : सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत ने पीओके को लेकर गुरुवार को बड़ा बयान दिया। सेना प्रमुख ने कहा कि पीओके पर सरकार को फैसला करना है और सेना पूरी तरह से तैयार है। बता दें कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कुछ दिनों पहले कहा था कि अब पाकिस्तान के साथ बातचीत उसके कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) पर होगी। रक्षा मंत्री के इस बयान के बाद सेना प्रमुख ने पाकिस्तान को कड़ा संदेश दिया है। जम्मू-कश्मीर पर भारत सरकार के फैसले के बाद पाकिस्तान इस मसले को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उठाने की असफल कोशिश कर रहा है लेकिन उसे हर जगह से नाकामी मिली है। पाकिस्तान लगातार युद्ध की धमकी दे रहा है लेकिन भारत की तरफ से अब तक संयम बरता गया है।
रक्षा मंत्री के बयान के बाद सेना प्रमुख रावत का पाकिस्तान को दिया गया यह बड़ा संदेश इस बात को दर्शाता है कि भारत अब अपनी नीति में बदलाव की ओर बढ़ रहा है। भारत ने स्पष्ट कर दिया है कि पाकिस्तान के साथ किसी तरह की बातचीत आतंकवाद पर पूरी तरह रोक लगने के बाद होगी और यह बातचीत उसके कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) पर होगी। भारतीय संसद 1994 में पारित अपने प्रस्ताव में कह चुकी है कि पाकिस्तान के साथ केवल पीओके पर विवाद है और इसे वापस लाना है।

