उत्तरकाशी I उत्तरकाशी-गंगोत्री हाईवे स्वारीगाड़ के पास भूस्खलन होने से अवरुद्ध हो गया। भूस्खलन का मलबा गिरने से यहां काम कर रही बीआरओ की एक पोकलेंड मशीन और एक ट्रक को भी क्षति पहुंची। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद यहां यातायात बहाल कर लिया गया।
बृहस्पतिवार को बीआरओ के जवान स्वारी गाड के पास गंगोत्री हाईवे के संकरे हिस्से को चौड़ा कर रहे थे। इस दौरान शाम करीब पौने पांच बजे अचानक पहाड़ का बड़ा हिस्सा दरक गया। जिससे यहां काम कर रही बीआरओ की एक पोकलेंड मशीन और एक ट्रक मलबे की चपेट में आ गए।
भूस्खलन से गंगोत्री हाईवे भी अवरुद्ध हो गया। जिसके चलते दोनों ओर यात्री वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही भटवाड़ी चौकी से पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई।
हादसे में कोई हताहत नहीं है। बीआरओ ने तत्काल भारी मशीनें लगाकर यहां मलबा हटाने का काम शुरू किया। करीब डेढ़ घंटे बाद मलबा साफ कर यहां वाहनों की आवाजाही सुचारू कर ली गई।

