योगी सरकार पर राहुल गांधी हमलावर, बोले-बीजेपी भगाओ बेटी बचाओ ही अब कांग्रेस का नारा

नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने यूपी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह सरकार उन लोगों के समर्थन में खड़ी है जो लोग महिलाओं पर अत्याचार के लिए जिम्मेदार हैं। यही नहीं ऐसे लोगों को गिरफ्तार किया जा रहा है जो महिलाओं के लिए आवाज उठा रहे हैं। लेकिन कांग्रेस, प्रदेश सरकार की इस तरह की नीति के खिलाफ आवाज उठा रही है और आगे भी जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बीजेपी भगाओ बेटी बचाओ अभियान की शुरुआत करेगी। 

राहुल गांधी का बयान उस वक्त आया जब शाहजहांपुर जिला प्रशासन ने कांग्रेस को पीड़ित लड़की के समर्थन में पदयात्रा निकालने से इनकार कर दिया था। बता दें कि पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वामी चिन्मयानंद पर पीड़ित लड़की ने यौन शोषण का आरोप लगाया है। स्वामी चिन्मयानंद जहां इस मामले में जेल में हैं वहीं पीड़ित लड़की और उसके दोस्तों को फिरौती मांगने के मामले में गिरफ्तार किया गया है। 

पुलिस ने पदयात्रा रोके जाने के संबंध में दलील देते हुए कहा था कि जिन इलाकों से पदयात्रा निकाले जाने की अर्जी दी गई थी उसे नवरात्रि और दशहरा को देखते हुए इजाजत नहीं दी जा सकती है। पुलिस ऐसे माहौल में पदयात्रा निकालने की इजाजत नहीं दे सकती है। इस सिलसिले में शाहजहांपुर में धारा 144 लागू की गई थी ताकि कांग्रेस के कार्यकर्ता पदयात्रा न निकाल सकें। प्रशासन का ये भी कहना था कि इस तरह की जानकारी थी कि पदयात्रा के दौरान कुछ अप्रिय वारदात हो सकती है, लिहाजा सुरक्षा की दृष्टि से इस तरह का फैसला किया गया। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *