नई दिल्ली: पूर्व भारतीय क्रिकेटर और बीजेपी सांसद गौतम गंभीर ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान पर संयुक्त राष्ट्र महासभा में दिए भाषण को लेकर निशाना साधा है। गंभीर ने इमरान को ‘आतंकवादियों का रोल मॉडल’ करार दिया। उन्होंने सोमवार को ट्वीट कर कहा, ‘खिलाड़ियों को रोल मॉडल माना जाता है। उनके अच्छे व्यवहार के लिए, टीम भावना के लिए, उनके मजबूत चरित्र के लिए। हाल ही में हमने यूएन में एक पूर्व खिलाड़ी को बोलते देखा। वह आतंकवादियों के रोल मॉडल की तरह बोल रहे थे। समुदाय को इमरान खान का बहिष्कार करना चाहिए।’
गौरतलब है कि गंभीर ने इससे पहले इमरान खान के भाषण की तुलना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से करते हुए उनपर हमला बोला था। गंभीर ने शनिवार को कहा था कि हर देश को 15 मिनट का समय दिया गया था। इसमें कोई क्या करता है, यह उसका चरित्र और बौद्धिकता बताता है। नरेंद्र मोदी ने जहां शांति और विकास की बात की वहीं पाकिस्तानी सेना की कठपुतली ने न्यूक्लियर युद्ध की धमकी दी।

