नई दिल्ली: छत्तीसगढ़ के पहले मुख्यमंत्री और कभी कांग्रेस के कद्दावर नेता रहे अजीत जोगी के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शोक व्यक्त किया है। जोगी के निधन पर दुख जताते हुए पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा, ‘श्री अजीत जोगी जी को जनसेवा का शौक था। इस जुनून और कड़ी मेहनत ने उन्हें नौकरशाह तथा एक राजनीतिक नेता बनाया। वह गरीबों, विशेषकर आदिवासी समुदायों के जीवन में एक सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रयासरत रहे। उनके निधन से दुखी हूं। उनके परिवार के प्रति संवेदना। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।’
लंबे समय थे बीमार
लंबे समय से बीमार चल रहे अजीत जोगी का निधन आज दोपहर 3 बजकर 30 मिनट पर हुआ है। रायपुर स्थित श्रीनारायणा अस्पताल में उन्होंने अपनी आखिरी सांस ली। कुछ ही देर में उनका पार्थिव शरीर कटोरा तालाब सिविल लाइन, रायपुर स्थित उनके सरकारी निवास “अनुग्रह”, सागौन बंगले में ले जाया गया जहां आम जनों को उनके अंतिम दर्शन के लिए आज 29 मई 2020, शुक्रवार को रात 9 बजे तक रखा जाएगा। शनिवार को उनका अंंतिम संस्कार होगा।

