देहरादून I प्रवासियों की बढ़ती संख्या के चलते अब प्रतिदिन कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आ रहे हैं। शुक्रवार को उत्तराखंड में कोरोना बम फूट पड़ा। दोपहर दो बजे तक 94 पॉजिटिव केस सामने आए। यह पहली बार है जब राज्य में इतनी अधिक संख्या में संक्रमित पाए गए हैं।
आज अल्मोड़ा में 15, बागेश्वर और टिहरी में आठ, देहरादून में 54, हरिद्वार व ऊधमसिंह नगर में चार, नैनीताल, पौड़ी व रुद्रप्रयाग में दो और पिथौरागढ़ में एक संक्रमित केस मिला है। आज मिले सभी पॉजिटिव प्रवासी हैं।
इसके बाद राज्य में संक्रमितों का आकड़ा 602 पहुंच गया है। इसमें 89 मरीजों को ठीक होने के बाद घर भेजा जा चुका है। अपर सचिव स्वास्थ्य युगल किशोर पंत ने आज आए 100 पॉजिटिव मामलों की पुष्टि की है।
गुरुवार को दून में 17 लोग संक्रमित पाए गए
उत्तराखंड में गुरुवार को 30 और लोगों में कोरोना संक्रमण मिला। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार गुरुवार को आई जांच रिपोर्ट में 835 सैंपल निगेटिव मिले। वहीं, देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, अल्मोड़ा और नैनीताल जिले में 30 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई।
दून में 17 लोग संक्रमित पाए गए। इनमें एक मरीज मुंबई से आया। जबकि तीन संक्रमित निरंजनपुर मंडी में आढ़ती हैं। पांचवां मरीज पहले से संक्रमित मरीज के संपर्क में आया है। वहीं, निजी पैथोलॉजी लैब में भी एक व्यक्ति में कोरोना संक्रमण मिला। वो एक निजी अस्पताल में भर्ती है।
वहीं शाम को दून में तीन और संक्रमित पाए गए। इनमें एक मरीज एम्स ऋषिकेश में भर्ती है। दूसरा महाराष्ट्र से आया है। जबकि तीसरा मरीज पहले से संक्रमित मरीज के संपर्क में आया है। वहीं देर रात एम्स ऋषिकेश में आठ और मरीजों में कोरोना की पुष्टि हुई। इनमें भी कई लोग बाहर से आए बताए जा रहे हैं।
हरिद्वार जिले में महाराष्ट्र से आए सात लोग संक्रमित मिले। टिहरी जिले में भी महाराष्ट्र से आए दो और लोग संक्रमित पाए गए। अल्मोड़ा में तीन संक्रमित मरीज महाराष्ट्र से आए।
बाहर से लौटे 290 लोगों की हुई सैंपलिंग
गुरुवार को दून अस्पताल में 20, श्री महंत इंदिरेश अस्पताल में 15, सैन्य अस्पताल में चार, आशारोड़ी में 19, कंडोली में 62, रायवाला में नौ, धर्मावाला में 35, बिधौली में 118, सुद्धोवाला में छह, ग्राफिक एरा में एक, स्पोर्ट्स कॉलेज में एक सैंपल लिया गया।
इसके अलावा आशारोड़ी चैकपोस्ट पर 22, रायवाला चेकपोस्ट पर नौ, ग्राफिक एरा में 39 और स्पोर्ट्स कॉलेज में 68 रेंडम सैंपल लिए गए। जिले में पहुंचे 1069 लोगों को स्वास्थ्य परीक्षण और सैंपल लेने के बाद संस्थागत क्वारंटीन किया गया।

