चम्पावत: कोरोना महामारी की वजह से लगाए गए लॉकडाउन की दुश्वारियां लोगों के लिए परेशानी का कारण बन चुकी हैं। नियमों में ढील के बाद भी लोग बाहर फंसे होने के कारण अपने परिजनों के अंतिम संस्कार तक में शामिल नहीं हो पा रहे हैं। जो लोग क्वारंटाइन में रखे गए हैं वे मृत-माता पिता को पिंडदान भी नहीं कर पा रहे हैं। चंपावत जिले के सीमांत तल्लादेश के चामी तामली गांव के जगदीश पांडेय भी लॉकडाउन में इसी पीड़ा से गुजरे हैं। चम्पावत के पूर्व जिला पंचायत सदस्य गोविंद सामंत इनके लिए देवदूत बनकर आए और संकट की इस घड़ी में उन्होंने इस परिवार की हर संभव मदद की।
कृषि कार्य एवं मजदूरी कर अपने परिवार का पालन पोषण करने वाले जगदीश पांडेय की 33 वर्षीय पत्नी गीता पांडेय की कुछ दिनों पूर्व अचानक तबीयत खराब हो गई। लॉकडाउन की वजह से पत्नी को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाना भी उनके लिए मुमकिन नहीं हो पा रहा था। किसी व्यक्ति ने उन्हें पूर्व जिला पंचायत सदस्य गोविंद सामंत से संपर्क करने का सुझाव दिया। जगदीश पांडेय ने गोविंद सामंत से संपर्क कर अपनी व्यथा सुनाई तो उन्होंने उनकी पत्नी को चम्पावत अस्पताल लाने का इंतजाम किया और जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसे दो दिन रखा गया। हालात अत्यधिक खराब होने पर गीता को हल्द्वानी के लिए रेफर कर दिया।

