पीएम मोदी बोले- कश्मीर के हालात सामान्य होने में 4 महीने भी नहीं लगेंगे, कांग्रेस-एनसीपी की भाषा पाकिस्तान जैसी

महाराष्ट्र: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए हुंकार भरी. उन्होंने जलगांव में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए देवेंद्र फडणवीस के लिए वोट मांगे और विपक्षी पार्टी कांग्रेस-एनसीपी पर जमकर बरसे. प्रधानमंत्री मोदी ने जम्मू-कश्मीर को लेकर कांग्रेस-एनसीपी गठबंधन के रुख को पाकिस्तान जैसा बताया. साथ ही उन्होंने कहा कि कश्मीर के हालात सामान्य होने में 4 महीने भी नहीं लगेंगे.

पीएम मोदी ने भाषण की शुरुआत रैली में आई भीड़ की तारीफ करते हुए की. उन्होंने कहा, ”हम सभी आने वाले 5 वर्षों के लिए देवेंद्र फडणवीस की अगुवाई में महायुति (गठबंधन) सरकार के लिए एक बार फिर आप सबका आशीर्वाद लेने आये हैं. साथ ही आपने लोकसभा चुनाव में हमें जो आशीर्वाद दिया उसके लिए भी आभार जताने आये हैं.”


उन्होंने अनुच्छेद 370 के मुद्दे पर कहा कि जम्मू-कश्मीर, लद्दाख हमारे लिए महज जमीन का टुकड़ा नहीं है, बल्कि भारत का ताज है. पीएम मोदी ने कहा कि भारत के हित में लिए गए फैसलों का कुछ पार्टियों, नेताओं द्वारा विरोध दुर्भाग्यपूर्ण है.

पीएम मोदी ने कहा, ”कश्मीर में सुरक्षा की दृष्टि से कई कदम उठाए. समय के साथ-साथ तमाम सावधानियां बरतते हुए हम स्थिति को सामान्य बनाने का प्रयास करने में जुटे हैं. 40 साल तक जो असामान्य परिस्थिति रही उसे सामान्य बनाने में चार महीने भी नहीं लगेंगे.”

उन्होंने कहा, ”आज दुर्भाग्य के साथ कहना पड़ रहा है कि हमारे देश के कुछ राजनीतिक दल, कुछ राजनेता, राष्ट्रहित में लिए गए इस निर्णय पर राजनीति करने में जुटे हैं.” पीएम मोदी ने कहा, ”बीते कुछ महीनों में कांग्रेस-एनसीपी के नेताओं के बयान देख लीजिए. जम्मू-कश्मीर को लेकर जो पूरा देश सोचता है, उससे एकदम उल्टा इनकी सोच दिखती है. इनका तालमेल पड़ोसी देश के साथ मिलता जुलता है.”

उन्होंने कहा, ”आज मैं विरोधियों को चुनौती देता हूं कि आपमें अगर हिम्मत है तो इस चुनाव में भी और आने वाले चुनावों में भी अपने चुनावी घोषणा पत्र में ये ऐलान करें कि हम अनुच्छेद 370 को वापस लाएंगे. 5 अगस्त के निर्णय को हम बदल देंगे. वर्ना ये घड़ियाली आंसू बहाना बंद करें.”

प्रधानमंत्री ने कहा कि बीते 5 वर्षों के हमारे काम से यहां विपक्षी भी हैरान और परेशान हैं. हमारे विरोधी भी आज ये मान रहे हैं कि भाजपा-शिवसेना गठबंधन का नेतृत्व कर्मशील भी है और ऊर्जावान भी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *