नई दिल्ली। अयोध्या टाइटल केस मामले में 40वें और अंतिम दिन की सुनवाई पूरी हो गई है। अब देश को उस ऐतिहासित फैसले का इंतजार है जिस मामले में 40 दिनों तक सुनवाई हुई। बुधवार को जिरह के दौरान वकीलों के व्यवहार से चीफ जस्टिस रंजन गोगोई इस हद तक आहत हुए कि उन्होंने कहा कि अब बहुत हो चुका है सुनवाई आज के ही दिन पूरी होगी।
इससे पहले 39 दिन की जिरह में हिंदू और मुस्लिम पक्षों की तरफ से दिलचस्प दलीलें दी गईं। 40वें दिन की सुनवाई की खास बात ये है कि मुस्लिम पक्ष के वकील राजीव धवन को जिरह के लिए एक घंटे का समय मिला था, जबकि दूसरे पक्षों को 45 से 55 मिनट का समय दिया गया था।
हिंदू महासभा की तरफ से राम मंदिर के संबंध में एक नक्शा पेश किया गया था। लेकिन मुस्लिम पक्ष के वकील राजीव धवन ने उस नक्शे को बकवास बताते हुए फाड़ दिया था। उनके इस आचरण पर सीजेआई रंजन गोगोई खफा भी हुए थे।

