बांग्लादेश के कोच रसेल डोमिंगो और भारत के बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौर ने कहा कि प्रदूषण की समस्या पर दोनों टीमें कुछ नहीं कर सकती हैं और जो वो कर सकती हैं वह है खेल पर ध्यान देना. बांग्लादेश के लिए यह सीरीज इसलिए भी मुश्किल है क्योंकि उसे अपने स्टार हरफनमौला खिलाड़ी शाकिब और तमीम की गैरमौजूदगी में खेलना है. अगर बीते दो-तीन साल की बात की जाए तो यह दोनों टीम की अहम कड़ी रहे हैं. टीम के कार्यवाहक कप्तान महमुदुल्लाह ने शनिवार को ही कह दिया था कि उनकी टीम के बल्लेबाजों को निरंतरता बनाए रखनी पड़ेगी और गेंदबाजों को भारतीय बल्लेबाजों को तहस-नहस करने का मौका देना होगा.
मेहमान टीम के पास हालांकि मुस्ताफिजुर रहीम जैसे शानदार गेंदबाज हैं जिन्होंने पहले भी भारतीय बल्लेबाजों को परेशान किया है. अगर बांग्लादेश के बल्लेबाज अच्छा स्कोर करने में सफल होते हैं तो उनके पास रोहित शर्मा की कप्तानी वाली भारतीय टीम को रोकने का मौका है. रोहित इस मैच में भारत की कप्तानी कर रहे हैं. चयन समिति ने नियमित कप्तान विराट कोहली को इस सीरीज के लिए आराम दिया है. इससे पहले भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी-20 सीरीज खेली थी जो 1-1 से बराबर रही थी. भारत की कोशिश इस सीरीज में जीत हासिल करने की है.
विराट की गैरमौजूदगी में टीम की बल्लेबाजी रोहित और उनके जोड़ीदार शिखर धवन पर निर्भर रहेगी. इन दोनों के ऊपर काफी कुछ निर्भर करता है क्योंकि टीम का मध्यक्रम अनुभवहीन है इसलिए दोनों को चाहिए होगा कि टीम को मजबूत शुरुआत दे सकें. भारत के बल्लेबाजी कोच ने शुक्रवार को कहा था कि यह सीरीज टीम को अलग-अलग तरह के संयोजन आजमाने का मौका देगी. लेकिन एक चीज पर टीम का ध्यान काफी हद तक होगा और वो है मजबूत लक्ष्य खड़ा करने पर.
भारत- रोहित शर्मा (कप्तान), शिखर धवन, लोकेश राहुल, संजू सैमसन, श्रेयस अय्यर, मनीष पांडे, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, क्रूणाल पांड्या, युजवेंद्र चहल, राहुल चहर, दीपक चहर, खलील अहमद, शिवम दुबे, शार्दूल ठाकुर.

