परिवार से विवाद के बाद रामपुर के युवक ने गंगनहर में लगाई छलांग, नहीं लगा कोई सुराग

रुड़की I रामपुर जिले के एक युवक ने परिवार से किसी बात को लेकर विवाद होने पर उत्तराखंड में रुड़की की गंगनहर में छलांग लगा दी। युवक को छलांग लगाता देख परिजनों ने शोर मचा दिया।
शोर सुनकर आसपास के लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन युवक का कुछ पता नहीं चल पाया। परिजनों ने मामले की जानकारी कोतवाली पहुंचकर पुलिस को दी।यूपी के जिला रामपुर के कस्बा सवार निवासी तोमेश खान दो दिन पहले परिवार के साथ कलियर जियारत करने आया था।

परिवार के लोग दो दिन से ही कलियर में रह रहे थे। शनिवार की सुबह परिवार और तोमेश खान रुड़की आ रहे थे। इस बीच मेहवड़ पुल के पास किसी बात को लेकर उसका परिवार के लोगों से विवाद हो गया।
विवाद इतना बढ़ा कि उसकी परिवार के लोगों से मारपीट हो गई। इस बीच गुस्साए युवक ने गंगनहर में छलांग लगा दी। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और युवक को बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह पानी के तेज बहाव में बहता चला गया और गायब हो गया।

परिजनों ने इसकी सूचना सोलानी पार्क स्थित जल पुलिस चौकी पर दी। जल पुलिस के जवानों ने उसकी तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। इसके बाद परिजनों ने सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस को मामले की जानकारी दी। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि मामला कलियर क्षेत्र का है। इसलिए युवक के परिजनों को कलियर थाने भेज दिया गया है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *