रुड़की I उत्तराखंड के रुड़की में भगवान क्षेत्र में ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई जबकि दूसरे व्यक्ति को मामूली चोटें आई हैं। हादसे के बाद चालक मौके पर ही ट्रक छोड़कर फरार हो गया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात करीब नौ बजे नन्हेड़ा निवासी अनिल कुमार (38) पुत्र आत्माराम और मनोज कुमार बाइक से इकबालपुर से घर लौट रहे थे। इसी दौरान जहाजगढ़ के समीप एक ट्रक ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में अनिल कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा होते देख चालक ट्रक को छोड़कर फरार हो गया।
राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और अनिल कुमार को रुड़की सिविल अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मौत की सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। एसआई लक्ष्मी प्रसाद ने बताया कि अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। ट्रक को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है।

