लखनऊ : उत्तर प्रदेश शिया सेंट्रल वक्फ बोर्ड के चेयरमैन वसीम रिजवी ने गुरुवार को कहा कि अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण के लिए उनकी तरफ से 51 हजार रुपए का अनुदान दिया गया है। रिजवी ने कहा कि बोर्ड ने अयोध्या पर सुप्रीम कोर्ट के आए फैसले का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि सैकड़ों वर्ष पुराने मामले में इससे अच्छा फैसला और कोई नहीं हो सकता था।
बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने गत नौ नवंबर को अयोध्या केस में अपना ऐतिहासिक फैसला। कोर्ट ने अयोध्या की विवादित जमीन पक्षकार राम लला को देने और सरकार को इस जमीन पर राम मंदिर का निर्माण करने का आदेश दिया। शीर्ष अदालत ने अपने फैसले में मुस्लिमों के लिए अलग से पांच एकड़ जमीन देने का फैसला सुनाया।
रिजवी ने कहा, ‘राम जन्मस्थान पर एक भव्य राम मंदिर निर्माण के लिए अब तैयारियां चल रही हैं। चूंकि भगवान राम हम सभी के पूर्वज हैं ऐसे में ‘वसीम रिजवी फिल्म’ की तरफ से राम मंदिर के निर्माण के लिए 51 हजार रुपए रामजन्मभूमि न्यास को दिया जा रहा है।’ रिजवी ने कहा कि जब कभी भी मंदिर बनेगा, शिया वक्फ बोर्ड निर्माण में अपना सहयोग करेगा। शिया नेता ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण देश और दुनिया में रहने वाले ‘रामभक्तों’ के लिए गर्व की बात है।

