नई दिल्ली: महाराष्ट्र में सरकार गठन संशय बरकरार है। सोमवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के अध्यक्ष शरद पवार कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की। उसके बाद पवार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि सोनिया से शिवसेना को समर्थन देने पर कोई बात नहीं हुई। उसके बाद शिवसेना के सीनियर नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत ने मंगलवार को कहा कि एनसीपी के अध्यक्ष शरद पवार ने जो कहा, उसे समझने के लिए 100 जन्मों की जरूरत है। शिवसेना सांसद ने यह बात राष्ट्रीय राजधानी में अपने आवास पर मीडिया ब्रीफिंग में सोमवार को तीन पार्टियों, शिवसेना, कांग्रेस और एनसीपी द्वारा महाराष्ट्र सरकार के गठन के सवाल पर एनसीपी प्रमुख के वर्चुअल-टर्न पर एक सवाल का जवाब में कही।
संजय राउत ने कहा कि आप पवार और हमारे गठबंधन की चिंता न करें। बहुत जल्द, दिसंबर की शुरुआत में, शिवसेना की अगुवाई वाली गठबंधन सरकार महाराष्ट्र में सत्ता में होगी। यह एक स्थिर सरकार होगी। उन्होंने कहा कि सरकार गठन पर शिवसेना में कोई संदेह नहीं है लेकिन यह मीडिया है जो इस पर भ्रम फैला रही है। पवार के बारे में राउत ने कहा कि उन्होंने सोमवार रात एनसीपी प्रमुख के साथ महाराष्ट्र के किसानों की स्थिति पर चर्चा की थी।
राउत ने कहा कि अगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पवार की प्रशंसा की है तो इसमें गलत क्या है? पहले भी मोदी ने सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया था कि पवार उनके राजनीतिक गुरु हैं। इसलिए इसमें कोई राजनीति न देखें।
अपने पूर्व सहयोगी बीजेपी पर कटाक्ष करते हुए, उन्होंने कहा कि शिवसेना के साथ संबंध तोड़कर बीजेपी ने अपना सबसे पुराना और सबसे बड़ा सहयोगी खो दिया है। राउत ने कहा कि यह सेना थी जिसने महाराष्ट्र में बीजेपी को आगे बढ़ाया, उन्हें सीटें दीं और उन्हें हमेशा लेकर चली लेकिन, अब बीजेपी ने संसद में सेना के सांसदों के बैठने की व्यवस्था बदल दी है और उन्हें इसकी कीमत चुकानी होगी।
उन्होंने कहा कि हाल में शिवसेना बीजेपी के साथ गठबंधन नहीं चहती थी, लेकिन यह केवल इसलिए हुआ क्योंकि बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे के आवास ‘मातोश्री’ में पहुंचे और राज्य में साझेदारी का मुद्दा उठाया।
शिवसेना और बीजेपी ने लोकसभा और उसके बाद में विधानसभा चुनाव एक साथ लड़ा था। हालांकि, विधानसभा चुनावों के बाद शिवसेना सीएम के पद पर अड़ गई और समान रूप से सत्ता-साझा करने पर भी जोर देने लगी लेकिन बीजेपी ने शिवसेना की इन शर्तों को खारिज कर दिया। शिवसेना वर्तमान में कांग्रेस-एनसीपी के साथ गठबंधन पर बातचीत कर रही है।

