मुंबई: उद्धव ठाकरे को महाराष्ट्र विकास अघाड़ी गठबंधन का नेता चुने जाने के बाद शिवसेना, कांग्रेस, एनसीपी के वरिष्ठ नेताओं ने राज्यपाल भगत सिंह कोठारी से मुलाकात की और सरकार बनाने का दावा पेश किया है। इस मुलाकात के बाद एनसीपी नेता जयंत पाटिल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए बताया कि तीनों दलों ने राज्यपाल को समर्थन पत्र सौंपा। गुरुवार, 28 नवंबर की तारीख शपथ ग्रहण के लिए निर्धारित की गई है। शाम 5.30 बजे उद्धव ठाकरे शिवाजी पार्क में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेगें
इससे पहले बुधवार, 27 नवंबर को विधायकों का शपथ ग्रहण होगा। जयंत पाटिल के अनुसार अभी भी अजित पवार के लिए पार्टी के दरवाजे खुले हुए हैं और वह पार्टी में वापस लौट सकते हैं। महाराष्ट्र के राज्यपाल ने उद्धव ठाकरे को पत्र जारी करते हुए लिखा, ‘कार्यालय और गोपनीयता की शपथ आपको गुरुवार, 28 नवंबर को 1840 बजे शिवाजी पार्क, दादर, मुंबई में दिलाई जाएगी।’
शिवसेना प्रमुख के बेटे आदित्य ठाकरे ने कहा कि वह समर्थन के लिए सभी दलों को धन्यवाद देते हैं। साथ ही कहा कि बहुमत साबित करने के लिए उन्हें 3 दिसंबर तक का समय राज्यपाल की ओर से मिला है।
राज्यपाल से मुलाकात से पहले शिवसेना, कांग्रेस, एनसीपी के विधायक और नेता मुंबई के ट्राइडेंट होटल पहुंचे थे। तीनों दलों की बैठक में उद्धव ठाकरे को महाराष्ट्र विकास अघाड़ी का नेता चुना गया। एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार ने गठबंधन नेता के तौर पर उद्धव ठाकरे के नाम की घोषणा की।
इसके बाद शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने पार्टी के संस्थापक और उनके पिता बाला साहेब ठाकरे को मातोश्री (ठाकरे निवास) में ‘महा विकास अघाड़ी’ (राकांपा-कांग्रेस-शिवसेना गठबंधन) के सीएम उम्मीदवार के रूप में निर्वाचित होने के बाद श्रद्धांजलि दी।

