हरीश रावत ने कसा तंज तो मुख्यमंत्री ने कहा ‘अब समझ आया कि गैंठी का बीज कहां गायब हुए’

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के गैरसैंण में विधानसभा सत्र नहीं करवाने की वजह ठंड बताने पर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने एक वीडियो पोस्ट किया था। जिसमें वह कुछ खाते हुए दिख रहे हैं।
इस पोस्ट के जवाब में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने भी ट्विटर पर एक पोस्ट किया है। जिसमें उन्होंने लिखा कि ‘बड़े भाई @harishrawatcmuk जी, अब समझ आया कि गैंठी का बीज कहां गायब हो गए – बोने पर ध्यान तो दिया नहीं और बीज सारे खा लिए गए’

हरीश रावत इस वीडियो में ठंड के मौसम का लुत्फ लेते हुए विधायकों को संदेश देते दिख रही हैं कि सर्दी से डरे नहीं। उन्होंने मुख्यमंत्री के बयान के बाद गैरसैंण में उपवास रखने का एलान किया है।

04 दिसंबर को वे गैरसैंण में सांकेतिक ही सही अपने उपवास के जरिये, गैरसैंण में विधानसभा सत्र नहीं करवाने पर विरोध प्रकट करेंगे। उनका मकसद त्रिवेंद्र सरकार को घेरने के साथ जनता के बीच संदेश पहुंचाना है कि सभी इसका विरोध प्रकट करें, जिससे गैरसैंण जीते।

वायरल हो रहा है वीडियो 
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। इस वीडियो के माध्यम से रावत मुख्यमंत्री के गैंरसैंण में ठंड लगने वाले बयान का कटाक्ष कर रहे हैं। वीडियो एक घर की छत पर बना है। चारपाई पर बैठे हरीश रावत के हाथ में पेय पदार्थ से भरा गिलास है, जबकि दूसरे हाथ से वे कुछ खा रहे हैं।

वीडियो में वे बोल रहे हैं कि ‘उत्तराखंड के विधायक दोस्तों मैं इस समय अल्मोड़ा जनपद के सबसे ठंडे रहने वाले गांव मोहनरी में हूं। आप ठंड की चिंता छोड़िए, ठंडी तासीर को अपनाइये। विकास का रास्ता ठंड के साथ ही निकलेगा। आज मोहनरी में हूं। कल अल्मोड़ा में और फिर भीमताल और गैरसैंण जाऊंगा। मैं आप तक पहुंचाऊंगा कि ठंडी जगह कितनी सुहावनी लगती है। इसका आनंद लेने से चूकिए मत’। 

हरीश डाइटिंग करने जा रहे गैरसैंण : त्रिवेंद्र 

पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता हरीश रावत के गैरसैंण में एक दिवसीय उपवास पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि हरीश रावत बहुत मोटे तगड़े हो गए हैं, इसलिए वे डाइटिंग करने गैरसैंण जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने यह बयान ऋषिकेश में एक कार्यक्रम के दौरान दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *