श्रीनगर: नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान द्वारा सीजफायर का उल्लघंन लगातार जारी है। पाकिस्तानी सेना एलओसी के सीमावर्ती इलाकों को अपना निशाना बना रही है। पाकिस्तान की इस नापाक हरकत का सेना द्वारा मुंहतोड़ जवाब दिया जा रहा है जिसमें पाकिस्तान को भारी नुकसान हुआ है। खबरों के मुताबिक पाकिस्तान द्वारा गुरुवार को किए गए सीजफायर उल्लंघन में तीन से चार पाकिस्तानी सैनिक मारे गए हैं।
आर्मी सूत्रों के मुताबिक पाकिस्तानी सेना ने लाइन ऑफ कंट्रोल के पास कल (गुरुवार) रात पुंछ-रजौरी में सीजफायर का उल्लंघन किया। भारतीय सेना ने करारा जवाब देते हुए पाकिस्तान की कई चौकियों को तबाह किया। भारतीय सेना द्वारा की गई इस जबरदस्त कार्रवाई में पाकिस्तान के 3-4 सैनिक मारे गए है। इससे पहले बुधवार को रामपुर सेक्टर में हुई गोलीबारी में सेना के एक जेसीओ (नायब सूबेदार) शहीद हो गए थे।
इससे पहले बुधवार को भी पाकिस्तान ने उरी सेक्टर में सीजफायर उल्लंघन किया था जिसके बाद पाकिस्तान ने खुद स्वीकार किया था कि इस गोलीबारी में उसके दो सैनिकों की मौत हो गई है। इससे पहले पाकिस्तान द्वारा अकारण की गई गोलीबारी में सेना का एक अधिकारी शहीद हो गया था। पिछले कई दिनों से पाकिस्तान द्वारा रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर भी गोलीबारी की जा रही है। खतरे को देखते हुए आर्मी ने रिहाइशी इलाकों को खाली भी कराया है।

