उत्तराखंडः देहरादून में ठंड ने तोड़ा चार साल का रिकॉर्ड, 3.6 डिग्री पहुंचा रात का तापमान

देहरादून I राजधानी देहरादून में शनिवार की रात ठंड ने चार साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। रात में राजधानी का तापमान 3.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। यह न केवल इस सीजन में रिकॉर्ड गिरावट है बल्कि पिछले चार साल में भी बड़ी गिरावट है। इससे पहले दिसंबर-2015 में रात का तापमान 3.6 डिग्री पहुंचा था। मौसम विभाग ने अगले तीन-चार दिन तक ऐसे ही ठंड रहने का अनुमान जताया है।

राजधानी में बीते सप्ताह से रात में ठंड बढ़ती जा रही है। 22 दिसंबर को जहां रात का न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री था, वहीं 25 दिसंबर को यह 4 डिग्री पर पहुंच गया। 28 दिसंबर की रात यह 3.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले तीन-चार दिन तक ऐसे ही हाड़ कंपाने वाली सर्दी हो सकती है। रात को लोगों को ठंड में एहतियात बरतने की सलाह दी जा रही है।

दिन के अधिकतम तापमान में भी गिरावट का सिलसिला चल रहा है। शनिवार को दिन का अधिकतम तापमान 18.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह का कहना है कि पहाड़ी इलाकों के साथ ही मैदानी इलाकों में भी रात को पाला पड़ रहा है। पहाड़ों पर बर्फबारी और ठंडी हवाएं देहरादून सहित मैदानी क्षेत्रों में सर्द हो रही हैं। 

थर्टी फर्स्ट पर मौसम कर सकता है मेहरबानी

इस साल के आखिरी दिन प्रदेश का मौसम मेहरबानी कर सकता है। मौसम विभाग मान रहा है कि 31 दिसंबर और एक जनवरी को प्रदेशभर में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रह सकता है। इसके चलते हल्की बारिश और उच्च पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है।

बीते सप्ताह में तापमान पर एक नजर



22 दिसंबर : 6.6

23 दिसंबर : 6.8
24 दिसंबर : 7.0
25 दिसंबर : 4.0
26 दिसंबर : 4.0
27 दिसंबर : 5.0
28 दिसंबर : 3.6

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *