हल्द्वानी: कुसुमखेड़ा से मुखानी स्थित कोचिंग सेंटर जा रही छात्रा से अश्लील हरकतें करने के साथ मारपीट कर उसे अगवा करने के प्रयास का आरोपित ऑटो चालक पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। सीसीटीवी कैमरों की मदद से पखवाड़े भर बाद पुलिस को सफलता मिली है। आरोपित को न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा गया है। पुलिस के मुताबिक 13 दिसंबर की सुबह बारिश के दौरान एक नाबालिग छात्रा ऑटो से कुसुमखेड़ा से मुखानी जा रही थी। इसी दौरान ऑटो चालक ने छात्रा के अपहरण का प्रयास कर दिया।
छात्रा के विरोध करने पर चालक ने मारपीट व धमकी देकर अश्लील हरकतें शुरू कर दी। बरसात के दौरान छात्रा ने किसी तरह ऑटो से कूदकर अपनी जान बचाई। छात्रा के परिजनों को आपबीती बताने पर 14 फरवरी को मुखानी थाने में अज्ञात ऑटो चालक के विरुद्ध धारा 354, 354ए, 363, 323, 504 व 7/18 पॉक्सो अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया। छात्रा केवल यही बता पाई थी कि ऑटो में गुलाबी रंग के सीट कवर लगे थे। दरोगा मंजू ज्याला के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ऑटो चालक के बारे में सुरागरसी कर रही थी। 500 से अधिक ऑटो की चेकिंग व सीसीटीवी फुटेज जांचने के बाद बीते शुक्रवार की रात पुलिस ने अंबेडकर नगर, बरेली रोड निवासी ऑटो चालक सनी गुप्ता उर्फ बिट्टू को दबोच लिया।
लुटेरों ने रॉड से ट्रक चालक का सिर फोड़ा
ग्राम गोजानी के समीप कुछ लोगों ने शुक्रवार देर रात ट्रक लूटने का विरोध करने पर लोहे की रॉड से चालक का सिर फोड़ दिया। गंभीर हालत में काशीपुर रेफर किया गया है। पीरूमदारा नरसिंहपुर निवासी गुरचरण सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह शुक्रवार को रुद्रपुर से सीमेंट-सरिया लेकर रामनगर जा रहा था। इसी दौरान ग्राम गौजानी के समीप कुछ बदमाशों ने घेर लिया। ट्रक रुकवाकर मारपीट करने लगे। विरोध करने पर लोहे की रॉड सिर पर मार दी। ट्रक लूटने का प्रयास किया। शोर मचाने पर लोगों को आता देख भाग गए। लोगों ने गुरचरण को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने काशीपुर के हायर सेंटर रेफ र कर दिया है। कोतवाल रवि कुमार सैनी ने बताया कि गुरचरण अभी बेहोशी की हालत में है। होश आने पर घटना की जानकारी ली जाएगी। जांच शुरू कर दी है।

