सीएए की समर्थन रैली में बोले सीएम त्रिवेंद्र- पीएम मोदी के कड़े फैसलों से बोखला रहीं अन्य पार्टियां

हल्द्वानी I पूरे देश में भारतीय जनता पार्टी का नागरिकता संशोधन कानून यानी सीएए के समर्थन में अभियान चल रहा है। इसके तहत आज शुक्रवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत हल्द्वानी पहुंचे। 

सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने शुक्रवार को सीएए के समर्थन में कालाढूंगी में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जो लोग कुछ माह पहले चौकीदार चोर है के नारे लगा रहे थे वही लोग आज सीएए का विरोध कर देश में अस्थिरता का माहौल पैदा कर रहे हैं। 

सीएम ने कहा कि विपक्षी इस कानून को मुस्लिम विरोधी बता कर समुदाय विशेष को बर्गलाने का काम कर रहे हैं। ऐसे लोगों को मुंहतोड़ जवाब देना है। उन्होंने कहा धीरे-धीरे सीएए कानून को लोग समझने लगे हैं जिसका नतीजा यह है कि अब तक राज्य में सीएए के समर्थन में तीन सौ से अधिक रैलियां हो चुकी हैं। जिसमें हजारों की तादात में आम जन मानस ने शामिल होकर अपना समर्थन दिया। 

उन्होंने कहा कि मजबूत इरादों के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व गृहमंत्री अमित शाह ने धारा 370, तीन तलाक व अयोध्या जैसे मसलों पर बेझिझक निर्णय लेकर विरोधियों की बोलती बंद कर दी है, इसी बोखलाहट का नतीजा है कि वामपंथी विचारधारा व विरोधी पार्टियां सीएए के विरोध में जगह जगह नौटंकी कर रही है। 

आज़ादी के बाद देश में हुए बंटवारे के बाद जिन लोगों ने पाकिस्तान में रहने की इच्छा जताई उनके साथ वहां बड़ा दुर्व्यवहार हुआ। लेकिन भारत में जिस भी धर्म, समुदाय के लोग यहां रुके उनके साथ समान व्यवहार रहा। सीएम ने कहा कि दुनिया में भारत ही एक ऐसा उदारवादी देश है जहां की जनता सताए हुए लोगों का संरक्षण देने से सबसे पहले आगे आती है। 

उत्तराखंड में पड़ोसी देश तिब्बत के लोगों को भारत सरकार ने संरक्षण दे कर रोजगार से जोड़ने का भी काम किया। उन्होंने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए सीएम ने कहा कि राहुल पार्टी का 135वां साल कोलकाता में जाकर मना रहे हैं और वहां सीएए का विरोध कर रहे हैं। 

कांग्रेस को भेड़िया की संज्ञा देते हुए सीएम ने अपील की कि इस तरह के भेड़ियों से देश को बचाने में जनता सरकार की मदद करे। उन्होंने कहा कि आज देश की जनता मुख्य धारा से जुड़ रही है। कार्यक्रम के संयोजक व विधायक बंशीधर भगत ने कहा कि कांग्रेस की जनविरोधी नीतियों से जो देश गर्त में घुस रहा था उसे पीएम मोदी ने संवारने का काम किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *