नई दिल्ली I दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर आज से सियासी पारा चढ़ जाएगा क्योंकि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) प्रचार में अपनी बड़ी ताकत झोंकने जा रही है. इस सियासी पारे को बढ़ाने के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की सहयोगी पार्टी जदयू के अध्यक्ष और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी चुनाव प्रचार में उतर रहे हैं. वह केंद्रीय गृह मंत्री और बीजेपी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के साथ दिल्ली के संगम विहार इलाके में रैली को संबोधित करेंगे.
इन सीटों पर गठबंधन में लड़ रहे चुनाव
असल में, बिहार से बाहर जदयू लंबे अरसे के बाद बीजेपी के साथ मिलकर दिल्ली विधानसभा चुनाव लड़ रही है. बीजेपी ने जदयू को दिल्ली में बुराड़ी और संगम विहार दो विधानसभा सीटें दी हैं. इनमें से संगम विहार सीट पर बीजेपी के पूर्व विधायक डॉ. सीएल गुप्ता जदयू के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं और दूसरी बुराड़ी सीट पर शैलेंद्र कुमार गठबंधन के प्रत्याशी हैं.
राजनीतिक दशा और दिशा साफ
बता दें कि नीतीश कुमार ने बदले हुए सियासी समीकरण में अपनी राजनीतिक दशा और दिशा साफ कर दी है. नीतीश की छवि अभी तक ऐसे नेता की रही थी जो बीजेपी के साथ गलबहियां करते हुए धर्मनिरपेक्षता की राजनीति किया करते थे, लेकिन अब उन्होंने बदले हुए समीकरण में बीजेपी के एजेंडे के साथ आगे चलने का फैसला कर लिया है.

