लखनऊ: अखिल भारतीय हिंदू महासभा के अध्यक्ष रंजीत बच्चन की गोली मारकर हत्या कर दी गई है. ये घटना तब घटी जब वो हजरतगंज इलाके में सुबह की सैर पर निकले थे. बाइक पर आए बदमाशों ने उन्हें मौत के घाट उतार दिया. लखनऊ का हजरत गंज पॉश इलाकों में से एक है जहां कई नेता समेत गणमान्य लोग रहते हैं. विधानसभा भी वहीं है. ऐसी जगह पर इस तरह की घटना का हो जाना कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है.
ये घटना लगभग सुबह 6.30 बजे की है. रंजीत बच्चन वारसी बिल्डिंग में रहते थे और वो अपने घर से अपने दोस्त के साथ इलाके के ग्लोब पार्क में टहलने के लिए निकले थे. रंजीत बच्चन के एक दोस्त भी घायल हुए हैं, जिन्हें ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है. हत्यारे बाइक से आए थे और गोली मारकर फरार हो गए. रंजीत बच्चन समाजवादी पार्टी के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम भी करते थे.
घटना के बाद से वहां पुलिस के आला अधिकारियों का आना लगातार जारी है. हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं. मौका-ए-वारदात से सुराग जुटाए जा रहे हैं. पुलिस की कोशिश है कि हत्यारे किसी भी सूरत में शहर की सीमा से बाहर ना जा पाएं. सभी चौकियों को अलर्ट कर दिया गया है.

