औली I केंद्रीय खेल एवं युवा मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू शनिवार को औली के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे। केंद्रीय खेल मंत्री किरेन रिजिजू ने आईटीबीपी के अधिकारियों के साथ मुलाकात की। वे सुुबह साढ़े दस बजे सेना के हेलीकॉप्टर से जोशीमठ पहुंचे। आईटीबीपी की प्रथम वाहिनी सुनील में जवानों से मुलाकात करने के बाद रिजेजू रोपवे से औली पहुंचे। जहां वे दो दिन तक रात्रि विश्राम करेंगे।
केंद्रीय खेल मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि औली बहुत खूबसूरत जगह है। यहां बार-बार आने का दिल करता है। इसे विंटर स्पोर्ट्स केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। देश में खेलो इंडिया के तहत अनेक स्पोर्ट्स कराए जा रहे हैं।
प्रधानमंत्री भी स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने के लिए प्रयास रत
मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार और स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने के लिए अनेक प्रयास कर रहे हैं। विशेष तौर पर विंटर स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने के लिए अलग-अलग योजनाएं तैयार हो रही है। उन्होंने कहा कि अगले महीने जम्मू-कश्मीर में विंटर स्पोर्ट्स का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें देशभर के खिलाड़ी वहां पर पहुंचेंगे।
किरेन रिजिजू ने कहा कि अब विंटर खेलों का बजट भी खेल मंत्रालय को दिया जा रहा है, जिससे इस क्षेत्र में और अधिक प्रयास करने की संभावना बढ़ गई है। देश के युवाओं को स्पोर्ट्स से जोड़ने के लिए खेल मंत्रालय के द्वारा अनेक प्रयास किए जा रहे हैं। औली में स्कीइंग और विंटर खेलों को लेकर किरेन रिजिजू ने कहा कि इस पर अधिकारियों और आईटीबीपी से चर्चा की जाएगी। भविष्य में यहां पर विंटर खेलों को और बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।

