नई दिल्ली : मध्य प्रदेश में सियासी घटनाक्रम पल-पल बदल रहे हैं। इस बीच पूरे मामले में बड़ी खबर सामने आई है। पार्टी में असंतुष्ट चल रहे नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना त्याग-पत्र कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को भेजा। सिंधिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद अपना इस्तीफा दिया है, जिसके बाद अटकलें लगाई जा रही हैं कि वह आज ही बीजेपी का दामन थाम सकते हैं। मध्य प्रदेश में गहराते नजर आ रहे सियासी घटनाक्रम के अपडेट्स यहां जानें :
कांग्रेस विधायकों ने दिया इस्तीफा
बेंगलुरु के होटल में बंद 19 कांग्रेस विधायकों ने भी पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने फैक्स के जरिये अपना इस्तीफा भेजा। ये भी ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक माने जा रहे हैं। इनमें से 6 मध्य प्रदेश में कमलनाथ की सरकार में मंत्री भी बताए जा रहे हैं।
राज्यसभा भेजे जाएंगे सिंधिया!
कांग्रेस से इस्तीफे के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया का बीजेपी में शामिल होना तय माना जा रहा है। समझा जा रहा है कि उन्हें राज्यसभा की सदस्यता दी जा सकती है और फिर केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है। उनके कई अन्य समर्थकों को भी केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।
एमपी में बीजेपी की बैठक
मध्य प्रदेश में जारी सियासी उठापटक के बीच बीजेपी ने भी महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है। शाम 6 बजे होने वाली इस बैठक में पार्टी ने अपने सभी 107 विधायकों को शामिल होने के लिए कहा है। माना जा रहा है कि इस बैठक के बाद ज्योतिरादित्य के बीजेपी में शामिल होने की घोषणा की जा सकती है। इसमें मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, वीडी शर्मा सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल की उम्मीद है।
सिंधिया को कांग्रेस ने निकाला!
ज्योतिरादित्य सिंधिया के इस्तीफे की खबर सामने आने के बाद कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण ज्योतिरादित्य सिंधिया को तत्काल प्रभाव से कांग्रेस से बाहर कर दिया गया है और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने उनके निष्कासन पर मुहर लगा दी है।

