जम्मू-कश्मीर: रिहाई के बाद बेटे उमर से सात महीने बाद मिलकर भावुक हुए फारूक अब्दुल्ला

श्रीनगर. पिछले सात महीनों से नजरबंद नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रमुख फारूक अब्दुल्ला ने शनिवार को अपने बेटे उमर अब्दुल्ला से श्रीनगर की उप जेल में मुलाकात की. इस दौरान दोनों नेता भावुक नजर आए.

पूर्व मुख्यमंत्री फारूक जनसुरक्षा कानून (पीएसए) के तहत अपनी हिरासत खत्म होने के बाद शुक्रवार अपने आवास से नजदीक ही हरि निवास पहुंचे, जहां उनके बेटे तथा राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला को पीएसए के तहत पांच फरवरी से नजरबंद करके रखा गया है. इस दौरान दोनों नेताओं ने एक दूसरे को गले लगा लिया. अधिकारियों ने कहा कि फारूक (82) ने जम्मू-कश्मीर प्रशासन से सात महीने बाद अपने बेटे से मुलाकात का अनुरोध किया था, जिसे प्रशासन ने स्वीकार कर लिया. अधिकारियों ने कहा कि दोनों की मुलाकात करीब एक घंटे चली.

गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने पिछले साल पांच अगस्त को तत्कालीन जम्मू-कश्मीर राज्य से विशेष दर्जा वापस ले लिया था, जिसके बाद फारूक अब्दुल्ला, उमर अब्दुल्ला और एक और मुख्यमंत्री एवं पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती को हिरासत में ले लिया गया था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *