रुड़की: महिला को कोरोना होने की अफवाह से मचा हड़कंप, स्वास्थ्य विभाग की टीम देख घरों में दुबके ग्रामीण

रुड़की: रुड़की के नारसन क्षेत्र के एक गांव में अफवाह फैल गई कि एक महिला कोरोना वायरस की चपेट में है। जिसको लेकर स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। सिविल अस्पताल की टीम महिला को लेने के लिए गांव में पहुंच गई। गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम को देखकर लोग घर में बंद हो गए।

किसी तरह से टीम ने महिला को एंबुलेंस में बैठाया और उसको सिविल अस्पताल में लेकर पहुंची। सिविल अस्पताल में चिकित्सकों ने महिला की बारीकी से जांच पड़ताल की, लेकिन महिला के अंदर कोरोना वायरस के लक्षण नहीं मिले।

हालांकि उसकी खराब तबीयत को देखते हुए उसे एम्स ऋषिकेश के लिए रेफर कर दिया। सीएमएस डॉ. संजय कंसल ने बताया कि सूचना पर नारसन क्षेत्र में एक महिला की सिविल अस्पताल में जांच की गई है। हालांकि महिला में कोरोना वायरस जैसे कोई लक्षण नहीं मिले हैं।

सिविल अस्पताल में तीन नए संदिग्ध आइसोलेशन में भर्ती

कोरोना वायरस के संदिग्धों का सिविल अस्पताल में आने वालों का क्रम टूट नहीं रहा है। बुधवार को तीन नए मरीजों को सिविल अस्पताल में भर्ती किया गया है। इसमें से एक मरीज 9 मार्च को ही दिल्ली मरकज से लौटा था। तीनों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। जिनकी रिपोर्ट आने के बाद ही सही जानकारी मिल सकेगी। 

दिल्ली की मरकज में मिले कोरोना वायरस के शिकार लोगों ने उत्तराखंड को भी हिला कर रख दिया है। इसे लेकर रुड़की स्वास्थ्य विभाग की टीम भी अलर्ट हो गई है। टीम गांव देहात व शहर में पता लगा रही है कि उनके घर के पास कोई संदिग्ध मरीज कोरोना का तो नहीं है।

सीएमएस डॉ. संजय कंसल ने बताया कि बुधवार को तीन मरीज संदिग्ध मिले थे, जिनके ब्लड सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं। सिविल अस्पताल में अब तक कोरोना वायरस के लिए 61 मरीज उपचार कराने के लिए आ चुके हैं। जिनमें से 58 मरीजों के ब्लड सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *