बता दें भगत सिंह कॉलोनी व कारगी ग्रांट क्षेत्र में लगभग 20 हजार लोग रहते हैं। इसके अलावा दोनों क्षेत्र से सटी आबादी को मिला दिया जाए तो यह 50 हजार से अधिक लोगों की सुरक्षा का सवाल है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने दोनों क्षेत्र को लॉकडाउन करने का कदम उठाया। जिलाधिकारी डॉ. श्रीवास्तव ने बताया कि पांच लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि होने के बाद इस आशंका से इन्कार नहीं किया जा सकता कि यह आसपास के क्षेत्रों में भी फैल सकता है। संक्रमण को दूसरे क्षेत्र में फैलने से तभी रोका जा सकता है, जब यहां के लोग अन्य क्षेत्रों में न जाएं। इस दौरान नगर निगम क्षेत्र में सैनिटाइजेशन करता रहेगा और लोगों को घरों के भीतर ही रहने के लिए मुनादी भी कराई जाएगी। उन लोगों को क्वारंटाइन रहने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा, जो संक्रमित व्यक्तियों के संपर्क में आए हों।
वहीं दोनों क्षेत्र में लॉकडाउन का पालन कराने की जिम्मेदारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को सौंपी गई है। ताकि पुलिस क्षेत्र के सभी मार्गों पर बेरिकेडिंग लगा सके और कोई भी व्यक्ति यहां से बाहर दूसरे क्षेत्रों में न जाने पाए। जिलाधिकारी के आदेश के बाद दोनो क्षेत्रों में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित कराने का जिम्मा जिला पूर्ति अधिकारी को सौंपा है। वहीं, स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी मुख्य चिकित्साधिकारी को दी गई है।
