देहरादून। उत्तराखंड के नैसर्गिक सौंदर्य को दुनिया के सामने लाने के लिए इसे सीधे अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवाओं से जोड़ने योजना बनी। मकसद, विदेशी पर्यटक अपने देशों से सीधे उत्तराखंड आएं और फिर यहां की हेलीसेवाएं के जरिये फूलों की घाटी, हिमाच्छादित पर्वत श्रृंखलाओं की खूबसूरती निहारे, पर्यटन स्थलों की सैर करें। इससे न केवल उत्तराखंड विश्व में अपनी अलग पहचान बनाएगा बल्कि तेजी से पर्यटन क्षेत्र के रूप में भी उभरेगा।
योजना को अमलीजामा पहनाने के लिए केंद्र से सहयोग की बात कही गई। कहा गया कि योजना ऐसी बने कि लंदन और अमेरिका से सीधे फ्लाइट देहरादून तक आए। देहरादून से काठमांडू को जोड़ा जाएगा। हिमालयन फ्लाइट शुरू की जाएगी। इससे उत्तराखंड के पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और राजस्व भी बढ़ेगा। अफसोस कि शुरुआती दिनों पर इस पर खूब चर्चा तो हुई लेकिन बात में यह योजना हवाहवाई ही साबित हुई।

