लॉकडाउन: 27 अप्रैल को मुख्यमंत्रियों के साथ PM मोदी की बैठक, रणनीति पर होगी चर्चा

नई दिल्ली I प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कोरोना वायरस के प्रकोप और लॉकडाउन की स्थिति पर तीसरी बार मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक करेंगे. प्रधानमंत्री मोदी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ 27 अप्रैल की सुबह सभी मुख्यमंत्रियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक करेंगे. इस दौरान पीएम मोदी मुख्यमंत्रियों से फीडबैक भी लेंगे. केंद्र सरकार राज्यों से मिले फीडबैक के आधार पर ही आगे की रणनीति तैयार करेगी. 14 अप्रैल को हुई महत्वपूर्ण बैठक के बाद ही केंद्र सरकार ने 3 मई तक के लिए लॉकडाउन बढ़ाने का निर्णय लिया था.

इससे पहले पीएम मोदी ने 11 अप्रैल को राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये बैठक की थी. इस बैठक में ज्यादातर राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने लॉकडाउन को बढ़ाए जाने की सहमति दी थी. बता दें कि देश में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ते जा रहे हैं. अब तक देश में कोरोना के कुल 20 हजार 471 मरीज हैं. मौत का आंकड़ा 652 हो गया है. पिछले 24 घंटे में 50 लोगों की मौत हुई है. कोरोना महामारी के खतरे को देखते हुए पीएम मोदी एक्शन में हैं. वह अपने मंत्रियों और राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संवाद करते हैं और हालात की जानकारी लेते हैं.

स्वास्थ्यकर्मियों पर हमले को लेकर कड़ा फैसला
स्वास्थ्यकर्मियों पर बीते दिनों हुए हमले को लेकर भी पीएम मोदी ने कड़ा फैसला लिया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में बुधवार को ही केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में एक अध्यादेश पास किया गया है, जिसके बाद अब स्वास्थ्यकर्मियों पर हमला करने वालों के खिलाफ कड़ा एक्शन लिया जाएगा. इसमें 3 महीने से सात साल तक की सजा का प्रावधान है. पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा कि स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा से समझौता नहीं होगा. महामारी बीमारी कानून में जरूरी बदलाव किए गए हैं. नया कानून स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *