दिल्ली: जहांगीरपुरी की एक ही गली में मिले 46 कोरोना पॉजिटिव, पूरा इलाका सील

नई दिल्ली I दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में एक ही गली के 46 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं. इलाके के एच ब्लॉक की गली के ये लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं. एच ब्लॉक की तीन गलियों को 14 अप्रैल को पहले ही सील कर दिया गया था. पॉजिटिव पाए गए 46 लोगों को नरेला के क्वारनटीन सेंटर ले जाया गया है.

जहांगीरपुरी में यह तीसरा बड़ा कोरोना पॉजिटिव मामला पाया गया है. इससे पहले जहांगीरपुरी के सी ब्लॉक से 31 मामले सामने आए थे. दूसरा जहांगीरपुरी थाना इलाके में पुलिस स्टाफ में एक ASI की पत्नी समेत कुल 7 पुलिसकर्मी कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे.अब तक सिर्फ जहांगीरपुरी के अलग-अलग इलाकों से 89 केस सामने आ चुके हैं.

जामा मस्जिद इलाके में एक ही परिवार के 11 लोग कोरोना पॉजिटिव

वहीं, बुधवार को जामा मस्जिद इलाके में एक ही परिवार के 11 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे. ये जामा मस्जिद के गली चूड़ी वालान का मामला है. बताया जा रहा है कि परिवार का एक सदस्य विदेश से लौटा था. उसके बाद परिवार के सदस्यों में संक्रमण फैला. टेस्ट के बाद परिवार के 18 में से 11 सदस्य पॉजिटिव पाए गए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *