लॉकडाउन के बीच राहत भरी खबर, नौ पहाड़ी जनपदों में खुलेंगे अस्पताल

देहरादून I लॉकडाउन के बीच उत्तराखंड सरकार ने राज्य के नौ पहाड़ी जिलों को राहत दी है। अब इन जिलों में अस्पताल पहले की तरह खुलेंगे। ये वह जिले हैं, जहां एक भी कोरोना मरीज नहीं है।
मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने कहा है कि कोविड-19 के दृष्टिगत पहाड़ी जनपदों में स्वास्थ्य संबंधी और प्रदेश में अर्थव्यवस्था सुदृढ़ीकरण के लिये कुछ निर्णय लिए गए हैं। प्रदेश के जो नौ पहाड़ी जनपद हैं, जिनमें कोई भी कोविड-19 का मरीज नहीं है, वहां अस्पताल अब पूर्व की भांति खुल जाएंगे। 

प्रदेश के चुनिंदा अस्पतालों में होगा कोविड-19 का इलाज
कोविड-19 अस्पताल के रूप में मेला अस्पताल हरिद्वार, दून हॉस्पिटल देहरादून, निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज रुद्रपुर और सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी, इनमें ही अब से कोविड-19 इलाज होगा, बाकी अन्य अस्पताल पूर्व की भांति अपना कार्य करेंगे।

एक मंत्रिमंडलीय उप समिति का गठन
कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल की अध्यक्षता में एक मंत्रिमंडलीय उपसमिति का गठन किया जाएगा, जो ये देखेगी कि कोविड-19 की वजह से जो अर्थव्यवस्था को नुकसान हुआ है।

उसकी हम कैसे भरपाई कर सकते हैं, कैसे हम लोकल रोजगार पैदा कर सकते हैं, अपने नौजवानों को काम दे सकते हैं और गरीबों की आर्थिकी को कैसे मजबूत कर सकते हैं। मंत्रिमंडलीय उप समिति में राज्यमंत्री डॉ. धन सिंह रावत व रेखा आर्या सदस्य के रूप में रहेंगे।

फिर से होगा वीडियो कांफ्रेंसिग द्वारा रेबार-3 का आयोजन
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे प्रदेश के जो भी प्रवासी लोग हैं। विभिन्न क्षेत्रों में जिनका अपना स्थान है। उनसे हम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बातचीत करेंगे। यानी हम कह सकते हैं कि रेबार-3 के तहत हम उन लोगों से परामर्श करेंगे । 

विभिन्न क्षेत्रों के लोगों से मुख्यमंत्री करेंगे सीधा संवाद
मुख्यमंत्री औद्योगिक, पर्यटन, कृषि, हॉर्टिकल्चर, डेयरी व एमएसएमई क्षेत्रों के लोगों से वे सीधा संवाद करेंगे। उनके साथ बातचीत की जाएगी व उनका सुझाव लिया जाएगा कि कोविड-19 के बाद अर्थव्यवस्था को कैसे सुदृढ़ किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *