उत्तरकाशी। आज दिनाँक 20 अगस्त 2023 को SDRF को गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी के पास एक बस (UK 07 PA 8585) जिसमें गुजरात के यात्री सवार थे, के लगभग 50 मीटर गहरी खाई में दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना प्राप्त हुई।
उक्त सूचना पर मणिकांत मिश्रा, कमांडेंट SDRF के निर्देशानुसार इंस्पेक्टर जगदम्बा प्रसाद के नेतृत्व SDRF रेस्क्यू टीम मय रेस्क्यू उपकरणों के तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
SDRF टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए उक्त बस में सवार कुल 33 लोगों में से 27 लोगों को निकालकर उपचार हेतु अस्पताल भिजवा दिया गया है।
उत्तरकाशी में यात्रियों की बस खाई में गिरने के मामले में मुख्यमंत्री ने तेजी से राहत-बचाव कार्य संचलित करने के दिए निर्देश
-मुख्यमंत्री ने जिले के प्रभारी मंत्री एवं अपर मुख्य सचिव को घटना की मॉनिटरिंग के दिये निर्देश
उत्तरकाशी के तहसील भटवाड़ी अंतर्गत गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी के पास यात्रियों की बस खाई में गिरने के मामले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्थानीय प्रशासन को तेजी से राहत-बचाव कार्य चलाने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने जिले के प्रभारी मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल एवं अपर मुख्य सचिव से भी फोन पर वार्ता कर घटनास्थल पर चल रहे राहत बचाव कार्यों की मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा की एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, मेडिकल टीमों को मौके पर भेजा गया है। उन्होंने कहा कि राहत कार्यों के लिए आवश्यकता पड़ने पर देहरादून में हेलीकॉप्टर को तैयार रखने के लिए कहा है। गंगनानी में हुई इस घटना में कुछ लोगों के हताहत होने की सूचना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों मे स्थान प्रदान करें और शोकाकुल परिजनों को यह कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करें। उन्होंने सभी घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।
SDRF टीम मौके पर मौजूद है व राहत एवं बचाव कार्य लगातार गतिमान है।
