नई दिल्ली I जम्मू-कश्मीर के अवंतीपोरा में एक मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने आतंकी संगठन हिज्बुल मुजाहिदीन के कमांडर रियाज नायकू को ढेर कर दिया. कई वर्षों से सुरक्षाबलों को इस आतंकी की तलाश थी. कई बार उसे घेरा भी गया लेकिन वह बच निकला. बुधवार को सुरक्षा बलों ने उसे मार गिराया. नायकू को जिस जगह पर मारा गया, वहां स्थानीय लोगों ने पत्थरबाजी की. मुठभेड़ स्थल के आसपास के इलाके में पथराव किए जाने की सूचना मिली. हालांकि बाद में पुलिस ने इस पर नियंत्रण पा लिया और लोग अपने-अपने घरों को लौट गए.
आतंकी नायकू के मारे जाने के बाद अवंतीपोरा सहित पूरे कश्मीर के हालात पर केंद्रीय गृह मंत्रालय की कड़ी नजर है. गृह मंत्रालय कानून-व्यवस्था को लेकर जम्मू-कश्मीर पुलिस के संपर्क में है. घाटी की स्थिति के बारे में पुलिस महानिदेशक दिलबाग सिंह का कहना है कि हालात नियंत्रण में है और चिंता की कोई बात नहीं है.
बता दें, सुरक्षाबलों ने बुधवार को उस घर को ही उड़ा दिया, जिसमें रियाज नायकू छुपा हुआ था. बाद में इस बात की पुष्टि हो गई कि मुठभेड़ में मरने वाला रियाज नायकू ही था. सुरक्षा के हिसाब से अभी जम्मू-कश्मीर में इंटरनेट को बंद किया गया है और वॉयस कॉलिंग को भी बंद कर दिया गया है, ताकि किसी तरह की अफवाह न फैल पाए. इस ऑपरेशन को जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षाबलों ने एक साथ अंजाम दिया.

