सैनिक के अगवा होने की खबर को रक्षा मंत्रालय ने बताया गलत, कहा सुरक्षित है जवान

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के बडगाम में कथित रूप से अगवा हुए एक आर्मी जवान के बारे में रक्षा मंत्रालय द्वारा प्रतिक्रिया दी गई है। रक्षा मंत्रालय ने जवान के अगवा होने की खबर को गलत बताते हुए ट्वीट किया है, ‘सेना में कार्यरत एक आर्मी जवान (मोहम्मद यासीन) के छुट्टी के दौरान बड़गाम के काजीपुरा (जम्मू-कश्मीर) से अगवा होने की मीडिया रिपोर्ट गलत है। ये शख्स सुरक्षित है। अफवाहों पर ध्यान ना दें।’

इससे पहले कहा जा रहा था कि कुछ संदिग्धों द्वारा उनका अपहरण कर लिया गया है। जवान मोहम्मद यासीन भट छुट्टी पर अपने घर आए थे। भट 26 फरवरी से 31 मार्च तक छुट्टी पर हैं। कहा जा रहा था कि सेना के साथ विशेष अभियान समूह ने इस क्षेत्र की घेराबंदी कर ली है। मीडिया रिपोर्ट्स में कहा जा रहा था कि यासीन को जंगल क्षेत्र की ओर ले जाया गया जो उसके घर से कुछ किलोमीटर दूर है।

इससे पहले भी घाटी में जवानों के अपहरण और उनकी हत्याओं की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। पिछले साल जम्मू-कश्मीर के ही शोपियां जिले में आतंकवादियों ने 44 राष्ट्रीय राइफल्स (RR) के जवान औरंगजेब का अपहरण कर लिया था। पुलवामा में औरंगजेब की निर्मम हत्या कर दी गई थी। 
ईद का त्यौहार मनाने के लिए अन्य सैनिकों के साथ निजी वाहन से शोपियां जाते समय आतंकवादियों ने उनका रास्ता रोक लिया था। शोपियां जाकर वे दूसरे वाहन से पुंछ स्थित अपने घर के लिए निकलने वाले थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *