देहरादून: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 31 मार्च को ‘मैं भी चौकीदार’ कैंपेन के तहत प्रदेश की पांचों लोकसभा सीटों पर वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिये सीधा संवाद करेंगे।
टिहरी लोकसभा की कान्फ्रेंसिंग देहरादून के एक वेडिंग प्वाइंट में होगी। यह प्रदेश की ऐसी इकलौती जगह होगी, जहां से प्रधानमंत्री के साथ दोतरफा संवाद होगा। भाजपा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष नरेश बंसल ने भाजपा मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में यह जानकारी साझा की।
उन्होंने बताया कि 31 मार्च को प्रधानमंत्री देश के 16 स्थानों पर वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिये संवाद करेंगे। इसमें उत्तराखंड की पांचों लोकसभा सीटें भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही प्रदेश की चुनाव प्रबंधन समिति की घोषणा भी की जाएगी।
उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की पांचों सीटों पर भाजपा की जीत तय है, मगर पार्टी का मकसद यह कि इस बार वर्ष 2014 के लोकसभा चुनावों से भी अधिक वोटों से जीत दर्ज की जाए।
बंसल ने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व ने कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष बनाकर जो भरोसा उन पर किया है कार्यकर्ताओं के सहयोग से वह उस पर खरा उतरेंगे। प्रदेश भाजपा में टीम वर्क, सामूहिक नेतृत्व व केंद्र के मार्गदर्शन से किसी भी चुनौती को अवसर के रूप में परिवर्तित करते हुए सफलता प्राप्त करेगी।

