हरिद्वार I शांतिकुंज ने युग निर्माण के अपने अभियान के तहत नई पहल की है। पहल के तहत शांतिकुंज गायत्री जयंती पर 2 जून को देशभर में ढाई लाख घरों में एक साथ और एक समय में गायत्री महायज्ञ का आयोजन करेगा।
इसकी तैयारियों के अंतर्गत शांतिकुंज से जुड़े देशभर के गायत्री शक्तिपीठों, प्रज्ञा पीठों और प्रज्ञा संस्थानों में प्रशिक्षण चल रहा है। शांतिकुंज मुख्यालय के अनुसार गायत्री परिवार के संस्थापक पं श्रीराम शर्मा आचार्य की दो जून को 29वीं गायत्री जयंती पर करीब ढाई लाख घरों में हवन, पूजन का कार्यक्रम होगा।
प्रत्येक घरों में एक आचार्य और उपाचार्य हवन कराएंगे। एक साथ व एक समय में यज्ञ की यह अनूठी पहल है। इस कार्यक्रम में लगभग पच्चीस से तीस लाख लोग एक साथ राष्ट्र को समर्थ बनाने के लिए प्रार्थना करेंगे।
गायत्री परिवार प्रमुख डॉ. प्रणव पंड्या ने बताया कि इस अनूठी पहल का उद्देश्य वातावरण परिशोधन, समग्र स्वास्थ्य, मानव में गुणों का विकास, सकारात्मक ऊर्जा संवर्धन और पर्यावरण संरक्षण है।
हवन का यह कार्यक्रम तीन चरण में होगा। पहले चरण में पुरोहित का प्रशिक्षण, यज्ञ से पूर्व जनसंपर्क, स्थान का चयन आदि व्यवस्था की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसके लिए देशभर में पुरोहित प्रशिक्षण का क्रम शांतिकुंज हरिद्वार द्वारा प्रारंभ हो चुका है।
दूसरा चरण में यज्ञीय कार्यक्रम का आयोजन और तीसरे चरण में मंडलों का निर्माण, साप्ताहिक स्वाध्याय और गतिविधियों का प्रारंभ और संचालन होगा।

