कोलंबो। Serial Blasts In Sri Lanka: इस्टर के मौके पर रविवार को श्रीलंका सीरियल बम धमाकों से दहल गया। राजधानी कोलंबो समेत कई जगहों पर हुए सीरियल बम धमाकों में अब तक 207 लोगों की मौत हो गई है। 450 से अधिक व्यक्ति घायल बताए जा रहे हैं। धमाके के बाद पुलिस ने सात संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। सुबह से लेकर अबतक 8 धमाके हो चुके हैं। समाचार एजेंसी पीटीआइ के अनुसार आठवें धमाके में तीन पुलिसकर्मियों की मौत हो गई है। जानकारी अनुसार इससे पहले सातवां धमाका दक्षिणी कोलंबो के देहिवाला में एक होटल में हुआ है, जिसमें 2 लोगों की मौत हो गई।
सुरक्षा को देखते हुए कोलंबो में सेना के 200 जवानों को तैनात किया गया है। श्रीलंका में शाम छह बजे से सुबह छह बजे तक कर्फ्यू का ऐलान कर दिया गया है। वहीं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। सुरक्षा अधिकारी ने कहा कि उन्हें संदेह है कि आत्मघाती हमलावर द्वारा दो चर्चों में विस्फोट किया गया है।

