नेहरू, राजीव के बाद मोदी के निशाने पर मनमोहन, कहा- नाइट वॉचमैन को बनाया PM

नई दिल्ली I प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व पीएम डॉ मनमोहन सिंह की तुलना नाइट वॉचमैन से की है. पीएम नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश के सागर में एक चुनावी रैली में पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह का नाम लिए बिना कहा कि 2004 में जब कांग्रेस को अचानक मौका मिला तो उस समय राजकुमार पर न तो परिवार को भरोसा था और न ही किसी और को, तब परिवार के वफादार वॉचमैन को पीएम की कुर्सी पर बिठाने की योजना बनी.

राजकुमार को ट्रेनिंग देने में 10 साल बर्बाद

नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि 2004 में राजकुमार को ट्रेनिंग देने में ही देश के 10 साल बर्बाद हो गए. नरेंद्र मोदी ने 2004 लोकसभा चुनाव के परिणामों की ओर इशारा करते हुए कहा कि कांग्रेस ने एक प्राइम मिनिस्टर इन वेटिंग के समझदार होने के इंतजार में 10 साल तक एक एक्टिंग प्राइम मिनिस्टर बनाए रखा. पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि ‘पीएम इन वेटिंग’ के समझदार होने के इंतजार में 10 साल तक देश में ‘एक्टिंग पीएम’ थोप दिया गया.

परिवार के वफादार वॉचमैन को बिठाने की योजना

नरेंद्र मोदी ने क्रिकेट के खेल का जिक्र किया और 2004 के चुनाव नतीजों के बाद के घटनाक्रम का जिक्र किया. उन्होंने कहा, “क्रिकेट में दिन का खेल पूरा होने के समय कोई आउट होता है तो आखिरी नंबर के खिलाड़ी को नाइट वॉचमैन बनाकर भेजते हैं, वैसा ही कांग्रेस ने किया. नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर जोरदार हमला करते हुए कहा, “2004 में राजकुमार के तैयार होने तक परिवार का वफादार वॉचमैन बिठाने की योजना बनी और उन्होंने सोचा की राजकुमार आज सीखेगा, कल सीखेगा, सब इंतजार करते रहे, भरपूर ट्रेनिंग भी दी गयी, लेकिन सब बेकार हो गया और इस कोशिश में देश के 10 साल तबाह हो गए, बर्बाद हो गए.” पीएम मोदी ने कहा कि एक्टिंग पीएम 10 साल तक देश की चिंता छोड़ कुर्सी की चिंता में लगे रहे. पीएम ने कहा कि तब ऐसी सरकार आई कि हर तरफ हताशा-निराशा फैल गई.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *