राहुल का मोदी पर हमला, कहा- गरीबों को नहीं चाहिए चौकीदार

चाईबासा (झारखंड)। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को यहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर हमला बोलते हुए कहा, ‘‘गरीबों को चौकीदार नहीं चाहिए।’’ कांग्रेस की सिंहभूम लोकसभा क्षेत्र से उम्मीदवार मधु कोड़़ा की पत्नी गीता कोड़ा के पक्ष में आज यहां चुनावी सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने व्यंग्य करते हुए कहा, ‘‘ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आपके चौकीदार नहीं हैं वे अनिल अंबानी की चौकीदारी करते हैं।’’  राहुल गांधी ने कहा कि पांच साल पहले मोदी जी ने कहा था कि मुझे प्रधानमंत्री नहीं, चौकीदार बनाओ। जनता ने उन्हें प्रधानमंत्री चुन लिया लेकिन उन्होंने चौकीदारी बंद कर चोरी कर ली।  उन्होंने कहा कि गरीबों के घर के बाहर कभी चौकीदार नहीं होता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आपके चौकीदार नहीं हैं, वे अनिल अंबानी की चौकीदारी करते हैं। उन्होंने कहा कि आपके जल, जंगल और जमीन को प्रधानमंत्री ने अमीरों को देने का काम शुरू कर दिया। प्रधानमंत्री मोदी जी कहते हैं कि आदिवासियों की रक्षा करूंगा लेकिन पैसा, कानून, जमीन अधिग्रहण और पंचायती राज व्यवस्था को उन्होंने बदलने की भरसक कोशिश की है। 

राहुल गांधी के साथ मंच पर झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन, कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और लोहरदगा से उम्मीदवार सुखदेव भगत, बंधु तिर्की और सुबोधकांत सहाय मौजूद थे। राहुल ने कहा कि छत्तीसगढ़ के बस्तर में कांग्रेस पार्टी ने पहली बार आदिवासी भाइयों के लिए यह निर्णय लिया कि आदिवासियों से जमीन ली जाएगी तो उनसे पूछ कर ली जाएगी। अगर आदिवासी भाई नहीं चाहेंगे तो उनसे कोई भी सरकार जमीन नहीं ले पाएगी। अगर किसी भी उद्योगपति ने आदिवासी से जमीन ली तो उन्हें चार गुना ज्यादा पैसा देना पड़ेगा। कांग्रेस ने कानून लाया कि पांच साल तक कोई भी उद्योगपति जमीन अपने पास रखता है और उस पर कोई कंपनी, फैक्ट्री आदि नहीं लगाई तो वह जमीन फिर से उन्हें आदिवासी भाइयों को लौटा देनी होगी। राहुल ने कहा कि मोदी जी आदिवासियों का हितैषी बनने की कोशिश करते हैं। लेकिन ऐसा नहीं है। राहुल ने कहा ‘‘पांच साल में आपकी जेब से चोरी कर ली गई। नोटबंदी करके आपको बैंक की लाइन में खड़ा कर दिया। माता-बहनों के घर से पैसा निकाल लिया। लाखों-करोड़ों रुपया आदिवासी, मजदूर, किसान के घर से निकाल कर चौकीदार ने उद्योगपतियों के जेब में डाल दिया। अब और क्या करना चाहते हैं मोदी जी?’’ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *