दो किमी चलकर गुफा तक पहुंचे और कल सुबह तक करेंगे ध्यान साधना

देहरादून। चुनावी आपाधापी के बीच सातवें एवं अंतिम चरण के मतदान से ठीक एक दिन पहले  केदारनाथ धाम पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूरी तरह से आध्यात्मिक रंग में रंगे नजर आए। इस दौरान उन्होंने गर्भगृह में रुद्राभिषेक किया तो मंदिर की परिक्रमा भी की और दोपहर बाद करीब दो बजे वह साधना के लिए एकांत स्थल, मंदिर से 1.5 किलोमीटर दूर ध्यान गुफा में चले गए। बताया जा रहा है कि वह यहीं रात्रि विश्राम भी करेंगे। इससे पहले उन्होंने अपने ड्रीम प्रोजेक्ट केदारनाथ पुनर्निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। 

 हिमालय की चोटियों के मध्य समुद्रतल से 11664 फीट की ऊंचाई पर स्थित केदारनाथ धाम में मौसम लगातार परीक्षा ले रहा है। कड़ाके की ठंड में संशय के उमड़ते-घुमड़ते बादलों के बीच अडिग आस्था के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हेलीकाप्टर जब सुबह साढ़े नौ बजे केदारनाथ धाम पहुंचा तो अफसरों ने राहत की सांस ली। हेलीपैड से प्रधानमंत्री पैदल ही सीधे केदारनाथ मंदिर पहुंचे और पूजा अर्चना की। गर्भगृह में धाम के मुख्य पुजारी केदार लिंग और वेदपाठी ओंकारनाथ शुक्ला ने रुद्राभिषेक संपन्न कराया। 

इसके बाद उन्होंने गर्भगृह की परिक्रमा की और मंदिर से बाहर आए। नंदी की प्रतिमा के पूजन के बाद प्रधानमंत्री ने मंदिर की परिक्रमा भी की। इससे पहले सुबह वह विशेष विमान से देहरादून के जौलीग्रांट हवाई अड्डे पहुंचे। यहां राज्यपाल बेबी रानी मौर्य और मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने उनका स्वागत किया। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *