World Cup से पहले द्रविड़ ने कैप्टन कोहली को दी कप्तानी में विराट बदलाव की सलाह

नई दिल्ली: इंग्लैंड की मेजबानी में 30 मई से शुरू हो रहे 12वें क्रिकेट विश्व कप से पहले टीम इंडिया के पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ ने विराट कोहली की जमकर तारीफ की है। विराट की तारीफ में कसीदे पढ़ते हुए द वॉल के नाम से मशहूर द्रविड़ ने कहा विराट वो कारनामे कर रहे हैं हमारे दौर में जिनतक पहुंचना नामुमकिन समझा जाता था।द्रविड़ ने कहा, विराट लगातार बेहतर होते जा रहे हैं। अपने खेल से वो लगातार ऐसे मापदंड स्थापित कर रहे हैं जहां तक हमारे दौर में पहुंचने को नामुमकिन समझा जाता था। जैसे कि मेरा मानना था कि एकदिवसीय क्रिकेट में सचिन के 49 शतकों के रिकॉर्ड तक और कोई नहीं पहुंच सकता। लेकिन अब विराट सचिन के उस रिकॉर्ड के  करीब पहुंच गए हैं और उससे केवल 9 या 10 शतक दूर हैं। इस बात के लिए उनकी प्रशंसा की जानी चाहिए। 
उन्होंने कोहली की खुद में लगातार सुधार करके और बेहतर करने की भूख की तारीफ करते हुए कहा उन्हें अपनी कप्तानी में भी इस गुण को शामिल करना चाहिए। उसकी ये खासियत है जब यदि कोई दौरा उसके लिए खराब जाता है जैसा कि साल 2014 में इंग्लैंड में उन्होंने खराब प्रदर्शन किया। जब वो पहली बार ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गए थे तो अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके। इसके बाद जब वो दोबारा इन दौरों पर गए तो पहले से बेहतर खिलाड़ी बनकर उभरे। वो लगातार बेहतर होने की कोशिश करते हैं। ऐसा ही उन्हें अपनी कप्तानी में भी करना चाहिए।  
द्रविड़ ने आगे कहा, यदि आप उसके छह महीने पहले खेले कुछ शॉट्स पर गौर करें तो पाएंगे कि अब वो स्वीप शॉट खेलने लगे हैं ऐसे में आप यह सोचने के लिए मजबूर हो जाते हैं कि वह छह महीने पहले ऐसा नहीं करते थे। जब मैंने उन्हें पहली बार खेलते देखा तो वो शॉर्ट गेंदों को अच्छी तरह नहीं खेल पाते थे लेकिन अब ऐसा नहीं है। वो लगातार अपने खेल में सुधार कर रहे हैं। आप जब भी अगली बार मिलेंगे को अपने कमजोर पहलू पर काम करता पाएंगे।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *