एग्जिट पोल्स पर आजम खान ने दिया अजीब बयान, कहा- लोकतंत्र खत्म हुआ

नई दिल्ली: एग्जिट पोल पर समाजवादी पार्टी (SP) के नेता आजम खान ने हैरान कर देने वाली बयान दिया है। आजम खान ने कहा, ‘ऐसा लगता है जैसे किसी विदेशी ताकत का हमला होने वाला है। नतीजों से पहले सहमा हुआ माहौल बना दिया गया। लोग आने वाली सरकार से दहशत में हैं।’ ज्यादातर एग्जिट पोल बीजेपी और एनडीए गठबंधन सरकार की सत्ता में वापसी करा रहे हैं।
इन्हीं एग्जिट पोल पर रामपुर से सपा उम्मीदवार आजम खान ने कहा, ‘ये बड़ा दुर्भाग्य है देश का। चुनाव के नतीजों से पहले सहमा हुआ माहौल बना दिया है। ये देश के लिए अच्छा नहीं है। लोग आने वाली सरकार से डर जाएं। लोकतंत्र तो खत्म है। दहशततंत्र का इंतजार करेंगे लोग, सहम जाएंगे लोग। ऐसा लगता है जैसे किसी विदेशी ताकत का हमला होने वाला है।’
उत्तर प्रदेश की बात करें तो टाइम्स नाउ-वीएमआर के एग्जिट पोल के अनुसार, बीजेपी+ को 58 सीटें मिलती दिख रही हैं, जबकि सपा-बसपा और आरएलडी गठबंधन को 20 सीटें मिलती दिख रही हैं। वहीं कांग्रेस को सिर्फ 2 सीटें मिल रही हैं। 
रामपुर में आजम खान का मुकाबला बीजेपी उम्मीदवार जया प्रदा से है। आजम अपने विवादित बयानों के लिए जाने जाते हैं। अपने बयानों के लिए चुनाव के दौरान उन पर प्रचार करने का प्रतिबंध भी लगा। उन पर चुनाव आयोग ने 2 बार रोक लगाई। एक बार 2 दिन की और एक बार 3 दिन की रोक लगाई गई।
आजम खान ने जया प्रदा के खिलाफ आपत्तिजनक बयान दिया था, जिसके लिए उन्हें 72 घंटे तक प्रचार करने से रोक दिया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *